UP: दरोगा-सिपाहियों को जिंदा जलाने की कोशिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के संभल के बबराला में रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार को पटाखों की दुकान लगाने से रोकने गए एक दरोगा और दो सिपाहियों पर एक महिला दुकानदार, उसके पति व अन्य ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। इस दौरान एक सिपाही की उंगली कट गई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ लोगों ने जमकर हाथापाई की। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल जान बचाई। बाद में महिला व उसके पति समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मंगलवार शाम पांच बजे कस्बा की चौकी पर तैनात कांस्टेबिल सोहनलाल व रवि कुमार मुख्य बाजार में पटाखों की अवैध दुकान लगाने वालों को चेतावनी दे रहे थे। कुछ लोगों ने रेलवे स्टेशन के निकट पटाखों की बिक्री की शिकायत की। इसके बाद दोनों सिपाही वहां पहुंचे और महिला से दुकान हटाने को कहकर चले गए। बाद में आकर देखा तो दुकान नहीं हटाई गई थी।
इस पर सिपाहियों ने कार्रवाई की चेतावनी दी, लेकिन महिला दुकानदार गायत्री व उसके पति योगेश ने दुकान हटाने से साफ इंकार कर दिया और पुलिसकर्मियों से भिड़ गए। सिपाही सोहनलाल की उंगली कट गई।
पूरे इलाके में मच गई खलबली
सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसआई राजेश कुमार ने सख्ती दिखाते हुए दुकान हटाने को कहा। इस पर महिला का पति योगेश पास में स्थित अपने घर से पेट्रोल से भरी दो लीटर की बोतल ले आया और दरोगा व सिपाहियों के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की।
छीना-झपटी में एक सिपाही ने माचिस छीन ली और आरोपियों को आग लगाने से रोका। इस दौरान पुलिस व दुकानदारों में काफी देर तक भिड़ंत हुई। बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
सूचना पर कस्बा समेत पूरे इलाके में खलबली मच गई। प्रभारी निरीक्षक राकेश बाबू यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और आरोपी महिला व उसके पति को गिरफ्तार कर लिया। महिला का कुबेर व चार अज्ञात लोग फरार हैं। सिपाही सोहनवीर का मेडिकल कराया गया है।
महिला के पति और पुत्र समेत सात पर मुकदमा
पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत अवैध रूप से बारूद की बिक्री, पुलिस पर जानलेवा हमला करना आदि के तहत महिला गायत्री, उसके पति योगेश कुमार व पुत्र कुबेर व चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।