पीसीएस-2014 का परिणाम हुआ घोषित, यहां देखें...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीसीएस-2014 का अंतिम परिणाम मंगलवार शाम घोषित कर दिया गया। कुल 21 श्रेणी के पदों के लिए 579 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इनमें से 42 का एसडीएम और 92 अभ्यर्थियों का चयन डिप्टी एसपी पद के लिए हुआ है।
इसमें लखनऊ के कई होनहार भी सफल रहे। खास बात यह है कि इंटरव्यू के महज चार दिन बाद ही आयोग ने परिणाम घोषित कर दिया। वाणिज्य कर अधिकारी के लिए सबसे अधिक 150 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं।
68 अभ्यर्थी नायब तहसीलदार, 41 असिस्टेंट कमिश्नर, 8 कारागार अधीक्षक,3 जिला कमांडेंट होमगार्ड,3 बीएसए,सात जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी,नौ जिला विकलांग कल्याण अधिकारी,10 सहायक श्रम आयुक्त,17 जिला खाद्य विपणन अधिकारी,एक सांख्यिकी अधिकारी,तीन गन्ना निरीक्षक,नौ जिला युवा कल्याण अधिकारी,27 बीडीओ,16 जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, 24 उप निबंधक,चार सहायक उपायुक्त सहकारिता,तीन जिला गन्ना अधिकारी और 40 अभ्यर्थी कृषि सेवा समूह-ख पद के लिए चयनित हुए हैं।
वहीं इस बार घोषित रिजल्ट में केवल अनुक्रमांक दिए जाने से फिलहाल टॉपर के नाम का पता नहीं चल पाया।
साधारण परिवार के बच्चों ने लहराया परचम
पीसीएस-2014 में साधारण परिवारों के बच्चों ने जबर्दस्त सफलता हासिल की। बाराबंकी के दो व रायबरेली के एक होनहार ने अपनी सफलता का परचम लहराकर जिले का नाम रोशन किया है।
बाराबंकी निवासी सत्येंद्र कुमार सिंह का डिप्टी एसपी व अभिषेक शुक्ला का जिला युवा कल्याण अधिकारी के पद पर चयन हुआ है। रायबरेली निवासी मनोज कुमार मिश्रा का असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयन हुआ है।
बाराबंकी देवा रोड के कैलाशपुरी मोहल्ला निवासी व स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत महेश शुक्ला के पुत्र अभिषेक कुमार शुक्ला वर्तमान समय में सूरत गुजरात में सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।
उनकी मां बाल विकास परियोजना देवा में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। बहन अशोक कुमारी,बहन रूचि व चेतना भी भाई की सफलता पर झूम उठीं। अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है।
वहीं,शहर के लखपेड़ाबाग मोहल्ला निवासी पूर्व बैंक अधिकारी एमडी आनंद के पुत्र सत्येंद्र कुमार सिंह को डिप्टी एसपी के पद पर सफलता मिली है।
सत्येंद्र वर्तमान समय में डिप्टी कमिश्नर वाणिज्यकर मुरादाबाद में तैनात हैं। उनकी बहन श्यामलता आनंद आगरा में एसडीएम के पद पर व पत्नी रूबी सिंह एसबीआई हरदोई में शाखा प्रबंधक के पद पर तैनात हैं।
अभिषेक की मां राजकुमारी पूर्व जिला पंचायत सदस्य हैं। शिक्षक भाई शैलेंद्र सिंह आनंद विहार इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य हैं। सत्येंद्र ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया है।
उधर रायबरेली तहसील क्षेत्र के रहने वाले एवं सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज के जीव विज्ञान प्रवक्ता मनोज कुमार मिश्रा की पीसीएस 2014 में 31वीं रैंक आई है। उनका असिस्टेंट कमिश्नर पद पर चयन हुआ है।
उमरी गांव निवासी मनोज कुमार मिश्रा तीन साल से सर्वोदय विद्यापीठ इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान प्रवक्ता पद पर तैनात हैं। उनके पिता आज्ञा प्रसाद मिश्रा इसी कॉलेज में प्रवक्ता थे। मनोज के अनुसार उनका चयन असिस्टेंट कमिश्नर पद पर हुआ।