{"_id":"6b0c9fc51c1e834d66006479","slug":"palak-left-disabled-by-an-electric-shock-receives-10-lakh-compensation-after-15-years-2026-11-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"इंसाफ: करंट से दिव्यांग हुईं पलक को 15 साल बाद 10 लाख मुआवजा, लंबे संघर्ष से मिले राहत के कुछ पल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
इंसाफ: करंट से दिव्यांग हुईं पलक को 15 साल बाद 10 लाख मुआवजा, लंबे संघर्ष से मिले राहत के कुछ पल
Mon, 30 Nov 2026 03:29 AM IST
दुष्यंत शर्मा
सूरज शुक्ला, अमर उजाला, लखनऊ
सूरज शुक्ला, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 30 Nov 2026 03:29 AM IST
सार
उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग और हाईकोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई के बाद पलक को 10 लाख रुपये का मुआवजा मिला है।
विज्ञापन
demo
- फोटो : एआई
विस्तार
छत पर खेलते समय हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आकर दिव्यांग हुई पलक सोनी को 15 साल के संघर्ष के बाद इंसाफ मिला है। उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग और हाईकोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई के बाद पलक को 10 लाख रुपये का मुआवजा मिला है।
विज्ञापन
लखनऊ के राजाजीपुरम की नई कॉलोनी निवासी वीना देवी की पांच साल की बेटी पलक दो सितंबर 2011 को घर की छत पर खेल रही थी। इसी दौरान वह सामने की छत पर लगे बीएसएनएल के 11 हजार केवी के हाईवोल्टेज उपकरण की चपेट में आ गई। हादसे में पलक 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग हो गई। गुहार लगाने के बाद भी बिजली विभाग से कोई मदद नहीं मिली।
विज्ञापन
इस पर वीना ने मानवाधिकार आयोग में शिकायत की। आयोग ने 22 जुलाई 2026 को पलक को 10 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया। आदेश को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड ने इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में चुनौती दी। दो नवंबर 2026 को हाईकोर्ट ने विभाग की याचिका खारिज कर दी। जिसके बाद विभाग ने आदेश के मुताबिक दस लाख रुपये का मुआवजा पीड़ित परिवार को दिया है।
विज्ञापन
पढ़ाई में अव्वल है पलक, दोनों हाथों से लिखती है
पलक की मां के मुताबिक करंट से पलक के सबसे अधिक हाथ प्रभावित हुए थे, लेकिन पलक ने हार नहीं मानी और वह दोनों हाथों से लिखती है। पलक ने इंटरमीडिएट में 94 फीसदी अंक हासिल किए। बीए भी फर्स्ट क्लास है। अब वह लखनऊ विश्वविद्यालय से एमए कर रही है।
तुरंत देनी चाहिए थी सहायता राशि : कोर्ट
अदालत ने कहा कि आयोग के 10 लाख रुपये अतिरिक्त भुगतान के निर्देश में हस्तक्षेप करने का कोई आधार नहीं है। यह राशि तो तत्काल दी जानी चाहिए थी। भुगतान में देरी के बावजूद विभाग पर अतिरिक्त ब्याज नहीं लगाया गया, यह उसका सौभाग्य है।
लंबे संघर्ष के बाद भविष्य की राहत
मां वीना देवी के मुताबिक पलक के इलाज और कई ऑपरेशनों पर अब तक आठ से दस लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके बावजूद उपचार पूरा नहीं हुआ है और आगे भी इलाज व ऑपरेशन की जरूरत है।
- पलक के पिता निजी फर्म में नौकरी करते हैं। उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा बेटी के इलाज व देखभाल में खर्च होता रहा। इलाज में जमा-पूंजी खर्च कर चुके परिवार के लिए मुआवजे की राशि से पलक के इलाज में मदद मिलेगी।
