ओवैसी को झटका, सभा करने की नहीं मिली अनुमति
एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी की गुरुवार को शहर में प्रस्तावित सभा पर प्रशासन ने रोक लगा दी है।
जिला प्रशासन ने यह कहते हुए अनुमति देने से इन्कार कर दिया कि इसके आयोजन से शहर की शांति व्यवस्था व अमन चैन में खलल पड़ सकता है।
यह जानकारी एडीएम सिटी पश्चिम जयशंकर दुबे ने दी। उन्होंने साफ किया कि ओवैसी के शहर में आने और व्यक्तिगत तौर पर लोगों से मिलने-जुलने पर कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
सांसद ओवैसी का गुरुवार को राजधानी आने का कार्यक्रम है।
एलआईयू व पुलिस ने दी सूचना
गोलागंज के रिफाए आम पार्क में जनसभा के लिए जिला प्रशासन से अनुमति के लिए एडीएम सिटी पश्चिम के पास आवेदन किया गया था। लेकिन एलआईयू और पुलिस की रिपोर्ट में बताया गया कि सभा के दौरान अगर ओवैसी ने तल्ख भाषा का इस्तेमाल किया तो इससे होली के त्यौहार पर आपसी भाईचारा व शांति व्यवस्था में खलल पड़ सकता है।
इस रिपोर्ट के आधार पर बुधवार देर शाम हुई बैठक के बाद जिला प्रशासन ने ओवैसी की सभा के लिए अनुमति देने से मना कर दिया।
उनके शहर भ्रमण के दौरान किसी भी तरह के प्रदर्शन, पैदल मार्च, सभा व धरना में शामिल होने पर रोक लगा दी गई है।