सट्टे के पैसे पर विवाद, युवक को गोलियों से भून डाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी लखनऊ के बाजार खाला क्षेत्र में सट्टे के लेनदेन के झगड़े में रविवार रात सूदखोरों ने युवक को गोलियों से भून डाला। सरेराह वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मारे गए युवक के भाई ने तीन सट्टेबाज व सूदखोरों पर हत्या का आरोप लगाया है।
एसएसपी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि नाका के मोहल्ला बिरहाना निवासी राकेश जायसवाल उर्फ गट्टू (25) रविवार रात बाजार खाला के रामलीला ग्राउंड से वाटर वर्क्स की तरफ जा रहा था। रास्ते में पीली कॉलोनी निवासी सट्टेबाज व सूदखोर ज्ञानप्रकाश मिश्रा उर्फ पेलू ने अपने भाई राजेश और साले शिवाकांत की मदद से उसे रोका।
बताते हैं कि सट्टे के 60-70 हजार के लेनदेन को लेकर राकेश से तीनों का झगड़ा होने लगा। बदमाशों ने मारपीट के साथ राकेश पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। थोड़ी दूर पर मौजूद शमशेर नामक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी। इस बीच तीनों बदमाश पिस्तौल लहराते हुए भाग निकले।
राकेश को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश के भाई रवि जायसवाल ने लेनदेन के झगड़े में हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
सुबह ही हुई थी झड़प
रवि ने पुलिस को बताया कि राकेश जायसवाल चारबाग में फल का ठेला लगाता था। इसके अलावा टॉवर लगाने का काम करता था। उसने पीली कॉलोनी निवासी ज्ञानप्रकाश मिश्रा को 60-70 हजार रुपये दिए थे। कई दिन से तगादा कर रहा था।
त्योहार पर रुपयों की जरूरत के चलते राकेश की रविवार सुबह ज्ञानप्रकाश से फोन पर झड़प हुई थी। उसने शाम तक पैसे देने को कहा था। देरशाम राकेश को उसके दोस्त शत्रुघ्न ने कॉल करके बाजार खाला की खजुहा चौकी के पास झगड़ेश्वर मंदिर पर बुलाया था। राकेश उससे मिलकर बाइक से लौट रहा था। रास्ते में बदमाशों ने वारदात अंजाम दे डाली।
थप्पड़ पर दागी गोलियां
एएसपी सिटी पश्चिम अजय कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार खाला इलाके में तहकीकात शुरू की। पता चला कि राकेश व ज्ञानप्रकाश ने साथियों समेत एक स्थान पर बैठकर खाया-पिया।
इस दौरान रकम का तगादा करने के साथ राकेश ने ज्ञान को थप्पड़ मार दिया था। इससे आक्रोशित ज्ञान, राजेश व शिवाकांत ने मारपीट के साथ पिस्टल से उस पर गोलियां दागीं।