शिक्षा मित्र बोले, बहुत कठिन थी टीईटी परीक्षा, यूपी भर में सवा आठ लाख अभ्यिर्थियों ने दिया exam
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टीईटी के अभ्यर्थी बाल मनोविज्ञान के प्रश्नों में उलझ कर रह गए। कई ऐसे सिद्धांत थे जिनकी उन्हें कोई जानकारी ही नहीं थी। वहीं जिन छात्रों ने इंटर में गणित नहीं पढ़ी थी उन्हें इसके सवालों ने काफी परेशान किया। उधर, दूसरी पाली में आर्ट और कॉमर्स के अभ्यर्थियों को सामाजिक विज्ञान के प्रश्नों को हल करने में काफी समय लग गया।
वहीं, प्रदेश भर में रविवार को दो पालियों में हुई शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) में करीब सवा आठ लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। इसके लिए प्रदेश भर में डेढ़ हजार से अधिक सेंटर बनाए गए थे। लखनऊ, अमरोहा, औरैया, बागपत, इलाहाबाद, भदोही, सहारनपुर, गौतमबुद्धनगर व आजमगढ़ के कई परीक्षा केंद्रों पर विभिन्न कारणों से कई अभ्यर्थियों पर कार्रवाई की गई।
पहली पाली में कक्षा एक से पांच तक के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा अयोजित की गई थी। इसमें शिक्षामित्र और बीटीसी अभ्यर्थी परीक्षा देने बैठे। इन अभ्यर्थियों को सबसे ज्यादा बाल मनोविज्ञान के प्रश्नों ने तंग किया। 30 अंकों के प्रश्न पूछे गए थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि सिद्धांतों से संबंधित ज्यादा प्रश्न पूछे गए थे, जिनके बारे में उनको जानकारी नहीं थी। इसके अलावा प्रश्न काफी घुमा कर पूछे गए थे। जिनके विकल्प एक जैसे लग रहे थे। इन प्रश्नों को समझने में काफी समय लगा।
इसके अलावा गणित के सवालों ने भी अभ्यर्थियों को काफी परेशान किया। अभ्यर्थियों ने बताया कि जिनका विषय गणित था उन्हें भी कई सवालों को हल करने में मुश्किल हुई। ज्यामिती के सवाल काफी कठिन लगे। हालांकि पर्यावरण से जुड़े सवालों ने अभ्यर्थियों को काफी हद तक राहत दी।
80 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
प्रदेश भर में प्राथमिक स्तर के अभ्यर्थियों के लिए 570 और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 1064 सेंट बनाए गए थे। प्राथमिक स्तर के लिए 3,49,192 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिए गए थे। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं उच्च प्राथमिक स्तर के लिए 6,27,568 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र दिए गए थे। इनमें से 86 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
औरैया व अमरोहा में अभ्यर्थी ओएमआर की दोनों कार्बन कापी साथ ले गए। बागपत में जनता इंटर कॉलेज व जनता वैदिक इंटर कॉलेज में तीन अभ्यर्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए। इलाहाबाद में भी तीन अलग-अलग केंद्रों पर तीन अभ्यर्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए।
भदोही के काशी नरेश महाविद्यालय, ज्ञानपुर में महिला अभ्यर्थी इलेक्ट्रानिक डिवाइस के साथ पकड़ी गई। नोएडा में एक अभ्यर्थी मोबाइल के साथ पकड़ा गया, जबकि सहारनपुर के इंडस्ट्रियल मुस्लिम गर्ल्स इंटर कॉलेज में एसटीएफ ने एक युवक को दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा।
लखनऊ में एक अभ्यर्थी ओमआर शीट की दोनों कापी लेकर चला गया। जबकि राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शृंगारनगर में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते एक लड़की को पकड़ा गया। आजमगढ़ में एसडीएम ने एक अभ्यर्थी को नकल करते हुए पकड़ा।
ये आईं मुश्किलें
लखनऊ में दूसरी पाली में कक्षा 6 से 8 तक के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा आयोजित की गई। जिन अभ्यर्थियों ने आर्ट और कॉमर्स विषय से परीक्षा दी थी, उन्हें सामाजिक विज्ञान के प्रश्न हल करने में मुश्किल हुई। अभ्यर्थियों ने बताया कि संविधान के कई सेक्शंस से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे, जिनके बारे में कई अभ्यर्थियों को कोई जानकारी नहीं थी।
इसके अलावा सामान्य ज्ञान में पुस्तकों से संबंधित प्रश्न पूछे गए, इन्हें भी ज्यादातर अभ्यर्थी हल नहीं कर पाए। संगीत से संबंधित प्रश्न भी पूछे गए। अभ्यर्थियों ने बताया कि ऐसा लग रहा है कि सिलेबस के बाहर से प्रश्न पूछे गए थे।
वहीं हिंदी विषय के कई प्रश्नों की भाषा इतनी क्लिष्ट थी कि वे समझ ही नहीं पाए। विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों को फिजिक्स के सवालों ने कुछ हद तक तंग किया। विज्ञान के अभ्यर्थियों को काफी हद तक पेपर ठीक लगा।
14 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने नहीं दी परीक्षा
लखनऊ में टीईटी की दोनों पालियों के लिए 27,576 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। करीब 14 प्रतिशत अभ्यर्थयों ने परीक्षा नहीं दी। पहली पाली के लिए 6813 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 1146 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी। वहीं दूसरी पाली के लिए 20763 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 2782 अभ्यर्थियों ने परीक्षा नहीं दी।
कई केंद्रों पर प्रमाण पत्र न होने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा से बाहर कर दिया गया। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ आईडी प्रूफ और प्रशिक्षण प्रमाण पत्र के किसी भी सेमेस्टर के अंकपत्र साथ लाना था। जिनके पास नहीं था उन्हें बैठने नहीं दिया गया।
पूर्वांचल में तीस हजार से अधिक ने छोड़ी परीक्षा
पूर्वांचल में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई। इस दौरान दो परीक्षार्थी नकल करते पकड़े गए। सोनभद्र में एक महिला को नकल करते पकड़ा गया तो आजमगढ़ में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे मुन्ना भाई को पकड़ लिया गया। जौनपुर और वाराणसी के कुछ परीक्षा केंद्रों पर प्रमाणपत्र जमा करने को लेकर अफरातफरी का माहौल रहा।
करीब तीस हजार से अधिक परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसमें वाराणसी में 4,904 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। बलिया में 4648, सोनभद्र में 1174, गाजीपुर में 2433, मऊ में 2991, मिर्जापुर में 1478, जौनपुर में 6028, चंदौली में 1795, भदोही में 1851 और आजमगढ़ प्रथम पाली में 2651 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।
सीतापुर में गणित के प्रश्नों में उलझे शिक्षामित्र
शिक्षक पात्रता परीक्षा के प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को खूब झकाया। खासकर शिक्षामित्र गणित के सवालों में उलझ गए। तार्किक प्रश्नों में भी लोगों को चकरा दिया। फिर भी परीक्षार्थी पेपर को ठीक बता रहे हैं। वहीं शिक्षामित्र इसे कठिन करार दे रहे हैं।
समायोजन रद होने के बाद शिक्षामित्रों के सामने टीईटी पास करना बहुत बड़ी चुनौती थी। इसको लेकर वह जी-तोड़ मेहनत भी कर रहे थे। सुबह की पाली में प्राथमिक स्तर की परीक्षा थी। इस पाली में अधिकांश शिक्षामित्र शामिल हुए।
सवालों को देखकर शिक्षामित्र दंग रह गए। शिक्षामित्रों का कहना है प्रश्नपत्र बहुत सरल नहीं था। गणित के सवाल कठिन आए थे। इनको हल करने में प्रॉब्लम आई। अन्य प्रश्न पढ़े हुए थे। इनको हल करने में ज्यादा दिक्कत नहीं आई। वही शिक्षामित्रों से इतर परीक्षार्थियों का कहना है पेपर बहुत अच्छा था। रेगुलर तैयारी वाले आसानी से प्रश्न हल कर सकते थे।
टीईटी अभ्यर्थियों की डिक्की से सामान चोरी
सुल्तानपुर में शिक्षक पात्रता परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों की बाइक की डिक्की में रखे सामान पर रविवार को उचक्कों ने हाथ साफ कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के केश कुमारी राजकीय बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज में रविवार सुबह पहली पाली की शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) देने आए शिक्षा मित्र संजय कुमार निवासी बिसावां थाना बल्दीराय की बाइक की डिक्की में रखा सामान चोरी हो गया।
दूसरी घटना भी कोतवाली क्षेत्र के राणा प्रताप पीजी कॉलेज से जुड़ा है। कॉलेज में जयसिंहपुर विकास खंड के वसायकपुर गांव निवासी शिक्षा मित्र छोटेलाल सुबह साढ़े नौ बजे अपनी बाइक महाविद्यालय गेट के सामने खड़ी कर पहली पाली की परीक्षा देने अंदर चले गए, परीक्षा के बाद टीईटी की प्रश्न पुस्तिका मोटरसाइकिल की डिक्की में रखने लगे तो देखा कि उसमें रखा गया मोबाइल फोन नदारद था।