सात को काशी पहुंचेंगे मोदी, करेंगे गंगा दर्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री बनने के बाद पहली बार काशी आ रहे नरेंद्र मोदी के शानदार स्वागत की तैयारी है। मोदी सात नवंबर को दोपहर में वाराणसी पहुंचेंगे और अगले दिन दोपहर बाद यहां से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।
दो दिवसीय दौरे में पीएम बीएचयू ट्रामा सेंटर के उद्घाटन समेत कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। पीएम के आगमन के मद्देनजर तैयारियों पर गुरुवार को गुलाबबाग स्थित भाजपा कार्यालय में बैठक हुई। पीएम के आगमन से एक दिन पहले ही प्रदेश के आला पदाधिकारी भी काशी पहुंच जाएंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी यहां कार्यकर्ताओं से संवाद करने के साथ ही अपने संसदीय जनसंपर्क कार्यालय का दौरा भी करेंगे और वहां के कामकाज की समीक्षा करेंगे। मोदी काशी के विकास पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ उद्योगपतियों और शहर के गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक भी करेंगे।
वे काशी क्षेत्र के सांसदों, विधायकों, पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे और संगठन के कामकाज, सदस्यता अभियान पर चर्चा करेंगे। चर्चा यह भी है कि पीएम आदर्श गांव चुनने के लिए किसी गांव का दौरा भी कर सकते हैं। गंगा घाट और माता आनंदमयी अस्पताल का दौरा भी कर सकते हैं।
ये लोग रहेंगे मौजूद
कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में काशी क्षेत्र के चुनिंदा दस हजार कार्यकर्ता शामिल होंगे। पीएम के सम्मान में यहां रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया है। इस भोज में प्रदेश की कई गणमान्य हस्तियां शामिल होंगी।
पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के अनुसार पीएम बीएचयू के एलडी गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। गुरुवार को गुलाबबाग कार्यालय पर हुई बैठक में क्षेत्रीय अध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य, जिला अध्यक्ष डा. आजाद सिंह गौतम, महानगर अध्यक्ष टीएस जोशी, राकेश त्रिवेदी, कल्लू मिश्रा सहित काशी क्षेत्र, जिला और महानगर इकाई के तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे।