'कांग्रेस चिंता न करे, मेरे चाय बेचने का सामान तैयार है'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राहुल के गढ़ अमेठी की जनसभा में मोदी ने कहा, कांग्रेस के लोग कहते हैं कि अगर मोदी हार गए तो वह क्या करेंगे? मैं कहना चाहता हूं कि वे लोग मेरी चिंता न करें, क्योंकि मेरे चाय बेचने का सामान तैयार है।
उन्होंने लोगों से कहा कि आपने चालीस साल एक राजघराने को दिया है, बस एक बार एक सेवक को मौका दीजिए। उन्होंने स्मृति की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप मेरी इस छोटी बहन को जिता देना, यह आपका खयाल रखेगी।
मोदी ने कहा कि वह यहां विकास की राजनीति करने आए है न कि किसी और की तरह लूटने आए हैं।
सोनिया को दिया जवाब
नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। कहा, अगर हिंदुस्तान में पिछड़े जिले की विकास की बात की जाए, तो रास्ता अमेठी से होकर जाता है।
मोदी ने कहा सोनिया मैडम मुझे कहती हैं कि मैं मांगता हूं तो आज भी अमेठी में मांगने ही आया हूं।
कहा, मैडम, आपके राजघराने ने कुछ छोड़ा है क्या, आखिर हम न मांगे तो क्या करें? मोदी ने लोगों से पूछा कि लूटने वाले अच्छे होते हैं कि मांगने वाले, इस पर भीड़ ने जवाब दिया, मांगने वाले।
मोदी ने सोनिया के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें सोनिया ने कहा था कि मोदी अपने आप को पीएम समझने लगे हैं। मोदी ने कहा कि सोनिया मैडम, बस इतना ही कहूंगा कि आपके मुंह में घी-शक्कर।
गुस्से की राजनीति कौन करता है?
अमेठी के जनसभा में मोदी ने कहा कि आजकल कहा जा रहा है कि राहुल गांधी अपने पिता राजीव गांधी के कदमों पर चल रहे हैं और मुझे कहा जाता है कि मोदी गुस्से की राजनीति करते हैं।
मोदी ने कहा, मन नहीं था लेकिन अमेठी में कच्चा-चिट्ठा खोल रहा हूं कि कौन गुस्से की राजनीति कर रहा है।
राजीव गांधी ने सार्वजनिक स्थान पर आंध्र प्रदेश के सीएम को अपमानित किया था, राहुल भइया की मां ने पीवी नरसिम्हा राव के अंतिम संस्कार के लिए दो गज दिल्ली में जमीन नहीं दी।
मोदी ने कहा कि राहुल भी अपने पिता की ही कदमों पर चल रहे हैं क्योंकि उन्होंने भी एक बार कैबिनेट निर्णय के पत्र को फाड़ दिया था। उन्होंने कहा कि अब तो साफ हो गया कि गुस्से की राजनीति कौन करता है?
और दे दी ये चुनौती
नरेंद्र मोदी ने कहा कि अमेठी में स्मृति को उन्होंने इसलिए भेजा ताकि वह यहां की मुसीबतें जान सकें। उन्होंने कहा, जब वह यहां प्रचार करने के लिए आईं, उन्हें अमेठी के बारे में कुछ नहीं पता था।
लेकिन आज मैं यह चुनौती देता हूं कि एक तरफ मेरी छोटी बहन जैसी स्मृति को खड़ा कर दिया जाए और दूसरी तरफ पूरा गांधी परिवार और मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि स्मृति 100 गांवों के नाम बता देंगी और गांधी परिवार 10 नाम भी नहीं बता पाएगा।
मोदी ने कहा कि हम अमेठी में बदले की राजनीति नहीं, बदलाव की राजनीति करने आए हैं।
मोदी बोले, अमेठी से कमल दिल्ली भेज देना
मंच पर आते ही भारत माता की जयकार के साथ मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि अब जनता बदलाव चाहती है और जिन लोगों ने वोट डाल दिए हैं उन्होंने दो काम कर दिए हैं
पहला काम तो यह कि मां-बेटे की सरकार को खत्म कर दिया है और दूसरा काम, केंद्र में एक मजबूत सरकार का शिलान्यास कर दिया है।
मोदी ने कहा कि, कैदियों को जेलों से निकाल-निकालकर चुनाव लड़वाएंगे तब भी कांग्रेस की सरकार नहीं बच सकती। मोदी ने लोगों से अपील की कि यहां से कमल दिल्ली भेज देना।
दिल खोलकर स्मृति की तारीफ की
अमेठी से भाजपा की प्रत्याशी स्मृति ईरानी की तारीफ करते हुए मोदी ने कहा कि यह आपके सपनों में जान भरने के लिए आईं हैं।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस का अहंकार तो देखिए, उसने पूछा कि यह स्मृति ईरानी है कौन? मोदी ने कहा, मैं चकित हूं कि ऐसा सवाल कोई किसी से कैसे पूछ सकता है? क्या यह कम है कि हम हिंदुस्तान के नागरिक हैं? क्या यह कम है कि हम भारत मां के लाल हैं?
मोदी ने कहा कि स्मृति ने अमेठी के घोषणापत्र में अमेठी के लिए बहुत कुछ शामिल किया है। मोदी ने मीडिया को भी घेरे में लिया। कहा, जब घोषणापत्र के दौरान स्मृति बोल रही थीं तब सभी मीडिया वाले चुप हो गए थे, मेरी छोटी बहन ने सभी को परास्त कर दिया।
स्मृति ने भरा जोश
अमेठी से भाजपा की प्रत्याशी स्मृति ईरानी ने मोदी से पहले मंच संभाला। उन्होंने कहा, मंच को प्रणाम करने से पहले यह कहना चाहूंगी कि इस कार्यक्रम पर पूरे देश की नजर है।
ईरानी ने कहा कि 25 दिन के प्रचार के बाद आज कांग्रेस को ललकारने का वक्त आ गया है। उन्होंने कहा कि यह अमेठी गांधी परिवार का गढ़ है और अबकी बार अमेठी है तैयार....फिर भीड़ ने कहा मोदी सरकार।
स्मृति ने पूरे जोश में भाषण दिया और कांग्रेस पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि अमेठी के लिहाज से इस बार का चुनाव अहम है।
अमेठी में बदलाव जरूरी
स्मृति ने कहा कि आज अमेठी के लिए बदलाव जरूरी हो गया है।
स्मृति ने कहा कि जो कार्यकर्ता हमें डराते थे कि यह गांधी का गढ़ है, और यहां कांग्रेस के अलावा और कोई नहीं जीत सकता, तो उन्हें मैं बताना चाहती हूं कि अगर हमारे कार्यकर्ताओं का एक बाल बांका हुआ, तो छठी का दूध याद दिलाना भी यह बहन जानती है।
स्मृति ने बार-बार कहा कि इस क्षेत्र में अब कांग्रेस का सिक्का नहीं चलेगा और नरेंद्र मोदी ही भावी प्रधानमंत्री बनेंगे।
उनके तुरंत बाद मोदी ने मंच संभाल लिया।