81 साल बाद भगवा हुई पूर्व पीएम चरण सिंह की कर्मभूमि, रालोद से निष्कासित विधायक भाजपा में शामिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्व प्रधानमंत्री व पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि आखिर 81 साल बाद भगवा हो गई। बागपत जिले की छपरौली सीट से रालोद के निष्कासित विधायक सहेन्द्र सिंह रमाला सोमवार को समर्थकों समेत भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने उन्हें सदस्यता ग्रहण कराई। इसी के साथ विधानमंडल में रालोद का प्रतिनिधित्व भी समाप्त हो गया।
छपरौली वह सीट है, जहां से चौधरी चरण सिंह 1937 से 1977 तक लगातार 40 साल विधायक रहे। 1977 से 1987 में मृत्यु होने तक वह बागपत से ही सांसद रहे। लोकसभा में पहुंचने के बाद चौधरी चरण सिंह ने जिसे टिकट दिया, वही छपरौली से विधायक चुना जाता था।
1987 में उनकी मृत्यु के बाद उनके पुत्र चौधरी अजित सिंह ने जिसे प्रत्याशी बनाया, वही विधानसभा में पहुंच गया। भाजपा कभी इस सीट पर चुनाव नहीं जीत पाई। 2017 में इस सीट से रालोद के सहेन्द्र सिंह रमाला विधायक निर्वाचित हुए थे। 23 मार्च 2018 को राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के बाद चौधरी अजित सिंह ने सहेन्द्र को रालोद से निष्कासित कर दिया था। सोमवार को सहेन्द्र भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा भले ही कभी छपरौली से विधानसभा चुनाव न जीती हो, लेकिन दलबदल के बाद अब छपरौली से भाजपा का विधायक हो गया है। इस तरह 1937 के बाद छपरौली अब चौधरी चरण सिंह परिवार का गढ़ नहीं रहा। विधायक सहेन्द्र रमाला के साथ बिनौली के ब्लॉक प्रमुख प्रह्लाद सिंह और छपरौली के ब्लॉक प्रमुख संजीव सिंह समेत दो दर्जन ग्राम प्रधान व अन्य लोग भी भाजपा में शामिल हुए।
मोदी-योगी पूरे कर रहे चरण सिंह के सपने : पांडेय
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेन्द्रनाथ पांडेय ने कहा कि छपरौली में चौधरी चरण सिंह की जड़ें बहुत गहरी हैं। छपरौली भाजपा का परंपरागत क्षेत्र नहीं रहा। वहां के विधायक सहेन्द्र रमाला और उनके समर्थकों का भाजपा में शामिल होना महत्वपूर्ण है।
चौधरी चरण सिंह ने कांग्रेस को तिलांजलि देकर गैर कांग्रेसवाद की राजनीति शुरू की। पंडित दीनदयाल उपाध्याय और राम मनोहर लोहिया के सहयोग से वे प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। चरण सिंह के सपनों को पीएम नरेन्द्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ पूरा कर रहे हैं।