अर्धनग्न अवस्था में मिली लड़के की लाश, दुष्कर्म की आशंका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कानपुर के भौंती की बंगाली कालोनी में गुरुवार रात रामलीला देखने के दौरान लापता हुए छात्र आकाश की उसकी ही शर्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। अर्धनग्न शव शुक्रवार शाम सचेंडी इलाके में छीतेपुर गांव में एक खेत में मिला। उसके चेहरे और शरीर पर नाखूनों और चोटों के निशान हैं।
पुलिस को आशंका है कि दुष्कर्म के इरादे से वारदात की गई। सचेंडी एसओ, फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने छानबीन की पर हत्यारों का सुराग नहीं मिला। पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
पनकी के पनका बहादुर नगर निवासी कृपा शंकर भौंती में पीएसआईटी के पास अंडा का ठेला लगाते हैं। परिवार में पत्नी इंद्रावती, तीन बेटियां और तीन बेटे हैं। आकाश (12) तीन बेटों में बड़ा था।
वह पनका बहादुर नगर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र था। कृपा शंकर ने बताया कि वह गुरुवार रात परिवार के साथ भौंती में बंगाली कालोनी में रामलीला देखने गए थे।
नहीं है किसी से रंजिश
वहां नौटंकी भी हो रही थी। सब लोग लौट आए लेकिन आकाश और सत्यम नहीं लौटे। उन्होंने सोचा कि दोनों मेला-नौटंकी देखकर लौट आएंगे। लेकिन सुबह करीब साढ़े छह बजे सत्यम लौट आया।
आकाश लापता हो गया। उन लोगों ने खोजबीन की, उसके दोस्तों से जानकारी ली लेकिन कुछ पता नहीं चला।
कृपा शंकर के मुताबिक शाम करीब सवा चार बजे सचेंडी के छीतेपुर गांव के प्रधान का उनके मोबाइल पर फोन आया। उन्होंने गांव के एक खेत में एक लड़के का शव पड़े होने की सूचना दी। वह परिवार के साथ पहुंचे और शव की पहचान बेटे आकाश के रूप में की। एसओ के मुताबिक आकाश की शर्ट उसके गले में कसी मिली है। शरीर और चेहरे पर नाखून और चोट के निशान हैं।
घटनास्थल देखने से पता चलता है कि हत्यारे किसी बहाने या जबरदस्ती उसे खेत में ले गए थे। एसओ के मुताबिक परिजनों ने किसी रंजिश से इनकार किया है। जांच की जा रही है।