लखनऊ: बदमाशों ने एलआईसी एजेंट को मारी गोली, बाइक छोड़कर फरार; जनसेवा केंद्र पर वारदात को दिया अंजाम
लखनऊ में बदमाशों ने एलआईसी एजेंट को गोली मार दी। इसके बाद बाइक छोड़कर बाग की ओर फरार हो गए। आरोपियों ने जनसेवा केंद्र पर वारदात को अंजाम दिया। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे बाइक सवार बदमाशों ने एलआइसी एजेंट को गोली मार दी। इसके बाद आरोपी भाग निकले। कान और आंख के पास गोली लगने से वह घायल हो गया। आनन-फानन उसे सीएचसी मलिहाबाद ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना मलिहाबाद थाना क्षेत्र के ढेंढ़ेमऊ गांव की है। यहां पर समरेंद्र यादव (32) को गोली मारी गई है। इससे वह घायल हुए हैं। समरेंद्र मूल रूप से काकोरी थाना क्षेत्र के सैफलपुर गांव का रहने वाले हैं। बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग झोंकी। समरेंद्र जन सेवा केंद्र पर रुककर फोटो कॉपी करा रहे थे, इसी समय बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
आसपास के दुकानदार भी भयभीत
अचानक गोली चलने से आसपास के दुकानदार भी भयभीत हो गए। जब तक लोग कुछ भांप पाते तब तक बदमाश बाइक छोड़कर वहां से पैदल आम की बाग की तरफ भाग निकले। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
पुलिस पुरानी रंजिश, रुपयों के लेन-देन, अवैध संबंध जैसे पहलुओं पर तफ्तीश कर रही है। एसीपी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई गई है। हमलावरों की तलाश की जा रही है। चेहरे पर गोली लगी है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।
इस पहलू पर भी पुलिस कर रही जांच
बताया गया कि समरेंद्र यादव के साले मलिहाबाद के भुलभुला खेड़ा गांव निवासी सुधीर यादव का विवाह तिलसुवा गांव निवासी रूपांशी से हुआ था। बीती 24 मई को रूपांशी का शव ससुराल में लटकता हुआ मिला था। रूपांशी के परिवारवालों ने समरेंद्र यादव के साले सुधीर यादव सहित परिवारीजनों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। फिलहाल सुधीर यादव जेल में है। पुलिस इस घटना पर भी जांच कर रही है।