चूहों की करतूत ने रोक दी 13 ट्रेनों की रफ्तार, यात्रियों ने किया हंगामा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आलमबाग रेलवे केबिन में चूहों के केबल कुतर देने से रविवार की सुबह पूरा का पूरा सिग्नल सिस्टम ही ठप हो गया। इसके चलते एसी एक्सप्रेस समेत 13 से अधिक ट्रेेनों का संचालन करीब साढ़े चार घंटे तक ठप रहा।
देखते ही देखते चारबाग, आलमनगर, मानकनगर, उतरेठिया, मल्हौर में ट्रेनें जहां की तहां रोक दी गईं। इस दौरान फंसे यात्रियों ने हंगामा भी किया। जबकि रेलवे बोर्ड के सदस्य जिस ट्रेन से आ रहे थे, वह भी आलमनगर में रुक गई, इसके बाद तो अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
रविवार सुबह साढ़े सात बजे चारबाग रेलवे स्टेशन पर अफरातरफरी मच गई। अचानक ट्रेनों का संचालन ठप होने की सूचना मिलते ही अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। पता चला कि आलमबाग केबिन में केबल फाल्ट के कारण नौ सिग्नल फेल हो गए। इसके चलते ट्रेनों को रास्ते में ही रोकना पड़ा।
आनन-फानन में सिग्नल एवं टेलीकम्युनिकेशन के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे। जांच हुई तो पता चला केबिल कट गया है। सूत्रों का कहना है कि चारबाग रेलवे स्टेशन ही नहीं, बल्कि दिलकुशा व आलमबाग केबिन में भी चूहों की भरमार है। चूहों ने बड़े-बड़े गड्ढे खोद रखे हैं।
ऐसे में इससे इन्कार नहीं किया जा सकता कि चूहों ने केबल कुतरा हो। हालांकि, यह जांच का विषय है। मामले की जांच डीआरएम स्तर से होगी।
वैकल्पिक व्यवस्था कर चलाईं ट्रेनें
वैकल्पिक व्यवस्था कर नई केबिल बिछाकर जोड़ी गई, इसके बाद ट्रेन संचालन बहाल हुआ। रेलवे अधिकारी ने बताया कि सुबह 7.24 बजे केबल फाल्ट आई थी, जिसे ठीक करने में तीन घंटे से अधिक का समय लग गया।
सुबह 10.45 बजे ट्रेनों का संचालन शुरू हो सका। फाल्ट की वजह से ट्रेनों को रास्ते में रोका गया तो नाराज यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। धूप व गर्मी से बेहाल यात्रियों ने ट्विटर व रेलवे प्रशासन से शिकायतें दर्ज कराईं। उत्तर रेलवे डीआरएम दफ्तर ने मामले की जांच के लिए तलब किया है।
रेलवे बोर्ड मेम्बर की ट्रेन फंसी
केबिल फॉल्ट के बाद उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब कंट्रोल रूम केजरिए रेलवे अधिकारियों को जानकारी मिली कि रेलवे बोर्ड मेम्बर(स्टाफ) प्रदीप कुमार एसी एक्सप्रेस से राजधानी आ रहे हैं और उनकी ट्रेन आलमनगर के आगे रोकनी पड़ गई है। आला अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। सदस्य केलिए बंदोबस्त कराए गए।
धड़ाधड़ फेल होते गए सिग्नल
आलमबाग केबिन में केबिल कटने के बाद सुबह 7.24 बजे से लेकर 9.13 बजे तक नौ सिग्नल धड़ाधड़ फेल होते चले गए। चारबाग रेलवे स्टेशन, मानकनगर, आलमनगर, उतरेठिया व मल्हौर में सिग्नलिंग व्यवस्था ठप रही और दर्जनों ट्रेनें जहां की तहां ठहर गईं। साढ़े चार घंटे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।