गैंगरेप पीड़िता बोली, घर वाले जिंदा नहीं छोड़ेंगे
मेरठ के खरखौदा के बहुचर्चित गैंगरेप और धर्मांतरण प्रकरण में नया मोड़ आ गया। पीड़ित युवती रविवार सुबह घर छोड़कर महिला थाने पहुंच गई। उसने अपने माता-पिता पर ही संगीन आरोप लगाते हुए जान का खतरा बताया है।
कहा, अब घर गई तो जिंदा नहीं रहेगी। उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से दूसरे समुदाय के युवक के साथ गई थी। इससे उसके परिजन नाराज हैं। महिला थाना पुलिस ने उसे सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया। यहां से उसे नारी निकेतन भेज दिया गया है।
युवती के पिता ने रविवार सुबह थाना खरखौदा पर सूचना दी कि उसकी बेटी अजान के समय बिना बताए घर से कहीं चली गई है। इस पर सीओ किठौर और एसओ खरखौदा के अलावा एसडीएस और नायब तहसीलदार हापुड़ भी युवती के गांव पहुंच गए।
युवती के माता-पिता के बयान दर्ज करने के बाद थाना खरखौदा पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई। इस बीच एसओ महिला ने एसओ खरखौदा को बताया कि पीड़ित युवती सुबह करीब 8:20 बजे उनके थाने पहुंची है। उसने अपने बयानों में कहा है कि उसे अपने माता-पिता से जान का खतरा है। इसलिए वह पुलिस की शरण में आई है और घर वापस नहीं जाएगी।
खुद ही गई थी युवक के साथ
करीब पांच घंटे बाद दुपहर 2:30 बजे युवती को सिटी मजिस्ट्रेट की कोर्ट में पेश किया गया। यहां करीब आधा घंटा युवती के बयान दर्ज किए गए। युवती ने बयानों में कहा कि वह दूसरे समुदाय के युवक के साथ खुद ही गई थी।
इससे उसके घर वाले नाराज रहते हैं। उसकी हत्या की जा सकती है। इसलिए उसने खुद ही घर छोड़ दिया है। मजिस्ट्रेट ने बयानों के बाद युवती को नारी निकेतन भेजने के आदेश दे दिए। प्रशासनिक कार्रवाई के बाद करीब 4:30 बजे युवती को नारी निकेतन में दाखिल कर दिया गया।
दूसरे समुदाय के दबाव में हमारी बेटी
वहीं, हिंदू बहन-बेटी बचाओ संगठन के सदस्यों के साथ रविवार शाम महिला थाना पहुंचे पीड़ित युवती के परिजनों ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी दूसरे समुदाय के दबाव में है। उसे सद्दाम नाम का युवक बहला फुसलाकर घर से ले गया। जो चाहता है कि पीड़िता गैंगरेप और धर्मांतरण से जुड़े केस के आरोपी कलीम और अन्य आरोपियों के पक्ष में बयान दे दे।
आरोप लगाया कि सद्दाम पिछले कुछ दिनों से घर आकर धमकी भी दे रहा था कि यदि उनकी लड़की ने हमारे पक्ष में बयान नहीं दिए तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा। इस संबंध में हम सभी पुलिस और प्रशासनिक अफसरों से मिलकर अपना पक्ष रख रहे हैं।