मोदी पर बरसी 'माया', पूछा अमेठी से क्यों नहीं लड़ते?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो मायावती ने भाजपा के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी पर एक बार फिर निशाने पर लिया। उन्होंने एक नई बहस भी छेड़ दी कि मोदी और राहुल को आमने-सामने चुनाव लड़ना चाहिए था।
मायावती ने शुक्रवार दोपहर एक प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी को पीएम मानकर चुनाव प्रचार कर रही है। भारतीय जनता पार्टी पहले ही मोदी को पीएम मान चुकी है। ऐसे में दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ लड़ना चाहिए था।
मायावती ने मोदी से सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर वे अमेठी से क्यों नहीं लड़ते? उन्होंने यह भी कहा कि गुरुवार को काशी में हुआ मोदी का रोड शो लोकतंत्र के लिए खतरा है।
मायावती ने आरोप लगाया कि मोदी के रोड शो में मीडिया भी शामिल थी, इसीलिए चुनाव के दौरान मोदी और भाजपा को एकतरफा कवरेज दी गई। उन्होंने कहा कि ये तौर-तरीके लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है।
रोड शो में बाहर से आई थी भीड़
मायावती ने भाजपा के दावे को खारिज करते हुए यह भी कहा कि काशी में मोदी के रोड शो में ज्यादातर लोग बाहरी शहरों से आए थे। गौरतलब है कि भाजपा इस भीड़ को स्थानीय बता रही है।
बीते काफी दिनों से कांग्रेस और सपा भाजपा के चुनाव प्रचार पर एक हजार करोड़ रुपये खर्च करने का आरोप लगा रहे हैं। अब मायावती भी इस आरोप प्रत्यारोप के खेल में शामिल हो गई हैं।
मायावती ने मोदी पर आरोप लगाया कि वो अपने चुनाव अभियान में देश के बड़े पूंजीपति घरानों से पैसा लगवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी अगर प्रधानमंत्री बन गए, तो उन्हीं उद्योगपतियों के हिसाब से ही देश की नीतियां बनाएंगे।
मायावती ने मोदी की हवा को भी नकारते हुए कहा कि तीन चरणों के चुनाव में उन्होंने कहीं भी ऐसी हवा या बयान नहीं देखी।
पूर्वांचल को मोदी-मुलायम से खतरा?
मायावती ने यह भी आरोप लगाया कि सपा और भाजपा मिलकर चुनाव को हिंदू-मुस्लिम रंग देने की कोशिश कर रही हैं।
बकौल मायावती, 'पूर्वांचल में सपा और भाजपा कोई बड़ी वारदात करा सकते हैं।' उन्होंने चुनाव आयोग से अपील भी की है कि पूर्वांचल में सभी धार्मिक स्थलों की सुरक्षा यूपी पुलिस की जगह केंद्र सरकार को सौंप देनी चाहिए।
मायावती ने मुलायम पर निशाना साधते हुए कहा कि जो इंसान एक प्रदेश नहीं संभाल पा रहा है, वो देश क्या संभालेगा।
उन्होंने उमा भारती के दावों को नकारते हुए कहा कि पहले वो अपना चुनाव जीत लें, फिर दूसरों की सरकार गिराने या बनाने की बात करें।
ये भी बोलीं माया
भाजपा पर: भाजपा ने मीडिया को तो सेट किया ही है, उन्होंने ज्योतिषियों को भी मैनेज कर लिया है।
कांग्रेस पर: अब कांग्रेस गरीब मुस्लिम वर्ग को ओबीसी में करने की बात कहकर चुनावी लाभ लेना चाहती है। लेकिन, मैंने तो 1995 में ही ये काम यूपी में कर दिया था। तब कांग्रेस क्या कर रही थी? दरअसल, कांग्रेस मुस्लिम विरोधी पार्टी है।
चुनाव पर: तीन चरणों के चुनाव में बसपा की स्थिति सबसे मजबूत दिख रही है। हमारी सीटें पिछले चुनाव के मुकाबले बढ़ रही हैं।