मायावती ने बिहार में भाजपा की जीत को लेकर दिया बड़ा बयान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो मायावती ने बृहस्पतिवार को पंचायत चुनाव की समीक्षा के साथ ही 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सर्वसमाज को पार्टी से जोड़ने का काम करें।
साथ ही, जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में धनबल और सरकारी मशीनरी के बल पर जीत हासिल करने के सपा के हथकंडों को कामयाब न होने दें। वहीं, उन्होंने आने वाले बिहार विधानसभा चुनाव पर कहा कि यदि लोकसभा चुनाव की तरह बिहार के लोगों ने मोदी पर विश्वास किया तो इससे बिहार का नुकसान होगा।
मायावती यहां बसपा कार्यालय में उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के जोन व जिला स्तर के सभी वरिष्ठ नेताओं व को-ऑर्डिनेटरों की बैठक में बोल रही थीं। उन्होंने प्रदेश में पंचायत चुनावों में पार्टी को मिली सफलता के लिए लोगों का आभार जताते हुए कहा कि इससे जनता के मूड का पता लग गया है।
हालांकि पंचायत चुनाव के कारण पार्टी संगठन की तैयारियों में काफी विलंब हुआ, फिर भी इस चुनाव में जनता ने अच्छी संख्या में बसपा के लोगों को जिताया है। यदि जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में सत्ताधारी सपा ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग न किया तो बसपा प्रत्याशियों की जीत होगी। उन्होंने उत्तराखंड के नेताओं से कहा कि वे यूपी में पंचायत चुनाव के नतीजों से सीखकर अपने राज्य में सफलता हासिल करें।
भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे से सतर्क रहें
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में पार्टी संगठन के बचे कार्यों को भी 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले पूरा कर लिया जाए। सर्वसमाज में जनाधार को और मजबूत करें तथा जनहित के मुद्दों को उठाएं। दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव में बहुत कम समय रह गया है।
विरोधी पार्टियां अपने पक्ष में हवा बनाने के लिए घिनौने हथकंडे भी इस्तेमाल करेंगी। इनसे सावधान रहना होगा। भाजपा और उसके सहयोगी संगठनों के सांप्रदायिक एजेंडे से खास तौर से सतर्क रहने की जरूरत है।
बिहार में संतोषजनक रहेंगे नतीजे
मायावती ने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में बसपा के पक्ष में संतोषजनक परिणाम आएगा।
अंबेडकर परिनिर्वाण दिवस के लक्ष्य सौंपे
मायावती ने भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस 6 दिसंबर पर होने वाले कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लक्ष्य भी सौंपे। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी लखनऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल, गोमतीनगर में प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम होगा। जिलों में भी श्रद्धासुमन अर्पित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि दी जाए।