लखनऊ रैली: मायावती ने दिया लक्ष्य, प्रत्येक विधानसभा से पांच-पांच बसों में कार्यकर्ताओं को लाया जाएगा
बसपा सुप्रीमो मायावती ने 9 अक्तूबर को लखनऊ में एक बड़ी रैली करने के लिए कार्यकर्ताओं को लक्ष्य दे दिया है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अब पूरी तरह से इसकी तैयारी में जुट जाएं और बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत कर लें।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बसपा सुप्रीमो मायावती ने नौ अक्तूबर को कांशीराम पुण्यतिथि के अवसर पर होने वाली रैली की तैयारी करते हुए कार्यकर्ताओं के लक्ष्य तय कर दिए हैं। उन्होंने सभी जिलाध्यक्षों एवं कोऑर्डिनेटरों की बैठक में निर्देश दिए कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से पांच-पांच बसों में कार्यकर्ताओं को लखनऊ लाया जाए। इसके अतिरिक्त अपने निजी वाहन में भी कार्यकर्ता यहां पहुंचेंगे।
गौरतलब है कि इस बार कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां के कांशीराम पार्क में कार्यकर्ता श्रद्धांजलि देंगे। इस मौके पर मायावती कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगी।
मायावती ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में जाकर कार्यक्रम की तैयारियों में जुट जाएं। स्थानीय स्तर पर बैठकें आयोजित करें। लखनऊ के निकटवर्ती विधानसभा क्षेत्रों से बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।
उन्होंने कहा कि चुनावी बयार पूरी तरह से शुरू हो चुकी है। कार्यकर्ता अब पूरी तरह से इसकी तैयारी में जुट जाएं और बूथ स्तर तक अपनी तैयारियों को मजबूत कर लें। मायावती ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ताओं के लिए भोजन का इंतजाम नहीं होगा। स्थानीय स्तर पर ही यह व्यवस्था की जाएगी। वहीं से कार्यकर्ता अपना भोजन साथ लेकर आएंगे। कोविड नियमों का पूरा पालन करना होगा।
अफवाहों से बचें
बसपा प्रमुख ने जिलाध्यक्षों तथा कोऑर्डिनेटरों को निर्देश दिए कि विरोधी पार्टियां चुनाव में बसपा के खिलाफ अफवाह, दुष्प्रचार करने पर आमादा है। ऐसे में न केवल उससे बचना है बल्कि कार्यकर्ताओं को भी इससे सजग करना है। हर बैठक में इस बाबत कार्यकर्ताओं को समझाया जाए।