मायावती का पलटवार, अमित शाह सबसे बड़ा कसाब, उनसे बड़ा आतंकी कौन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बसपा सुप्रीमो मायावती ने अंबेडकरनगर की जनसभा में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, भाजपा व यूपी की अखिलेश सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने अमित शाह के कसाब बयान का जिक्र करते हुए कहा कि अमित शाह सबसे बड़े कसाब हैं। उनसे बड़ा आतंकी कोई नहीं है, गुजरात इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं। भाजपा के इस कसाब और आतंक का राज यूपी की जनता कतई नहीं चाहती, क्योंकि वह अमन पसंद है।
बता दें कि अमित शाह ने वाराणसी में रैली के दौरान कसाब का फुल फॉर्म बताया, कांग्रेस सपा और बसपा। मायावती ने इसी बयान के पलटवार में कहा कि अमित शाह सबसे बड़े कसाब हैं।
मायावती ने कहा कि सपा का बेस वोट पारिवारिक कलह के कारण बिखर गया है। ऐसे में भाजपा जैसी सांप्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए मुसलमान अपना मत बंटने नहीं देना चाहते। उन्होंने वादा किया कि अगर उनकी सरकार बनती है तो वह भूमाफियाओं के खिलाफ अभियान चलाएंगी और उनसे जमीनें वापस लेंगी, सिर्फ इतना ही नहीं हम इन माफियाओं को जेल भी भेजेंगे।
मायावती ने वादा किया कि इस बार सत्ता में आए तो स्मारक व संग्रहालय नहीं बनाएंगी क्योंकि ये काम पिछली सरकार में ही पूरे किए जा चुके हैं। यूपी में कानून के द्वारा कानून का राज होगा और नौजवानों को रोजगार दिए जाएंगे।
कांग्रेस व सपा के गठबंधन पर किया व्यंग्य
मायावती ने कांग्रेस व सपा के गठबंधन पर व्यंग्य किया और कहा कि इससे भी कुछ होने वाला नहीं है। गठबंधन के दागी चेहरों को जनता वोट नहीं दे रही। सपा ने काम करने की बजाए बसपा सरकार की तमाम योजनाओं का नाम बदलने का ही काम किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में देश में दलितों व अन्य पिछड़े वर्गों का उत्पीड़न बढ़ा है। उन्होंने ऊना व रोहित बेमुला कांड का उदाहरण भी दिया।
भाजपा समाप्त कर देगी आरक्षण
पूर्व मुख्यमंत्री ने दलितों व अति पिछड़े वर्ग के लोगों को आगाह करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में आई तो वह यहां आरक्षण व अन्य कानूनी अधिकारों को समाप्त करने या फिर उसे निष्प्रभावी करने का काम करेगी। ऐसे में आरक्षण व अन्य कानूनी हक बनाए रखने के लिए सभी संबंधित लोगों को बसपा का साथ पूरी मजबूती से देना होगा।