मायावती के करीबी नेतराम के 300 करोड़ निवेश के दस्तावेज जब्त, काली कमाई से बनाई छह संपत्तियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आयकर विभाग की छापामारी में पूर्व सीएम मायावती के प्रमुख सचिव रहे पूर्व आईएएस अफसर नेतराम की काली कमाई के 300 करोड़ रुपये कोलकाता की 30 फर्जी कंपनियों में निवेश किए जाने के दस्तावेज जब्त किए गए हैं। नेतराम ने काली कमाई से ही मुंबई, दिल्ली एवं कोलकाता में छह संपत्तियां बनाई हैं। 36 घंटे की कार्रवाई में लखनऊ एवं दिल्ली आवास से 2.14 करोड़ की नकदी जब्त की गई है। इसमें लखनऊ आवास से 18 लाख मिला तो एक लॉकर से 50 लाख रुपये बरामद हुए। मोंटब्लांक कंपनी का 50 लाख रुपये का पेन और चार लग्जरी कारें भी मिली हैं। घरों में मिनी थिएटर, जिम, महंगी फिटिंग भी मिली हैं।
नेतराम के घरों में मिला शानदार इंटीरियर, मिनी थिएटर, जिम, महंगी फिटिंग
आयकर विभाग की छापामारी में पूर्व सीएम मायावती के प्रमुख सचिव रहे पूर्व आईएएस अफसर नेतराम ने काली कमाई न केवल फर्जी कंपनियों में निवेश किया, बल्कि ऐशो-आराम की चीजें जुटाने पर भी खूब खर्च किया। घरों का शानों-शौकत वाला इंटीरियर, मिनी थियेटर, जिम, महंगी फिटिंग पाए गए। महंगी कारों के ही नहीं, महंगे पेन नेतराम के शानो-शौकत वाली जिंदगी की गवाही देते हैं।
आयकर अफसरों की टीम ने मंगलवार सुबह सात बजे नेतराम के लखनऊ स्थित दो आवास चारबाग स्टेशन रोड एवं विशाल खंड तीन पर छापामारी करके जांच शुरू की थी। आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार बुधवार शाम 7 बजे तक सैकड़ों करोड़ की अघोषित चल व अचल संपत्ति सामने आई है। करीब तीस शेल कंपनियों में से अधिकतर के मालिकाना हक, निदेशक पद और शेयर नेतराम के करीबी परिवारीजनों के पास ही हैं। इनमें उसके परिवार के सदस्य और ससुराल पक्ष के लोग शामिल हैं। हालांकि अधिकारियों ने ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने इन कंपनियों को लेकर कोई जानकारी नहीं होने की बात कही।
बच्चों के पास कंपनियों के खाते
कंपनियों के बैंक खातों को लेकर आयकर विभाग के सूत्रों ने बताया कि इन्हें नेतराम के बच्चों द्वारा चलाया जा रहा है। उन्हें अधिकार दिया गया है कि वे बैंकों खातों से पैसा निकाल सकें। इसके अलावा कोलकाता से कुछ ऑपरेटरों द्वारा करीब 95 करोड़ रुपये का लेन-देन दर्ज किया गया है।
शेल कंपनियों की कमाई से छह संपत्तियां खरीदीं
नेतराम ने करीब 95 करोड़ रुपये की छह संपत्तियां खरीदी हैं। शेल कंपनियों से 95 करोड़ रुपये अर्जित दिखाकर जुटाया गया। इनमें से तीन संपत्तियां कोलकाता, दो दिल्ली और एक मुंबई में हैं।
डायरियों में हाथ से लिखा हिसाब
आयकर विभाग सूत्रों के अनुसार कई दस्तावेज मिले हैं जिनमें शेल कंपनियों के शेयर नेतराम के परिवार के सदस्यों को देने का उल्लेख है। वहीं कुछ डायरियां मिली हैं, जिनमें हाथ से लेन-देन का हिसाब लिखा गया है। इसमें शेल कंपनियों से जुड़े पैसे के लेन-देन और निवेश की जानकारी दर्ज है।
ये आया सामने
अचल संपत्तियां : 95 करोड़ की छह संपत्तियां
बेनामी चल संपत्तियां : चार लग्जरी कारें
पेन : 50 लाख रुपये का, मोंटब्लांक कंपनी का
कैश लखनऊ में मिला : 18 लाख
कैश दिल्ली में मिला : 86 लाख
कैश अन्य संबंधित व्यक्ति केपास मिला : 60 लाख
कैश बैंक लॉकर में : 50 लाख
और विलासिता : लखनऊ और दिल्ली के घरों के इंटीरियर अतिरिक्त विलासिता युक्त मिले, यहां मिनी थियेटर, जिम और कीमती फिटिंग मिली हैं।