यूपी: पश्चिम के सपा-बसपा नेता हुए भाजपाई, सपा व्यापार सभा के पूर्व अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल भाजपा में
रविवार को पश्चिमी यूपी के नेताओं सहित समाजवादी व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही कई नेता भाजपा में शामिल हो गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सपा को तगड़ा झटका दिया है। खाटी समाजवादी नेता माने जाने वाले और सपा व्यापार सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गोपाल अग्रवाल रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। रविवार को ही सपा ने भी व्यापार सभा का सम्मेलन आयोजित किया था। इससे पहले ही गोपाल अग्रवाल ने भाजपा का दामन थाम लिया। इनके अलावा जदयू महासचिव केसी त्यागी के बेटे अमरीश त्यागी, सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी और पूर्व समाज कल्याण आयुक्त हरदोई के चंद्रप्रकाश, भीम आर्मी के प्रवक्ता अमरोहा के डॉ. टीपी सिंह सहित 11 नेताओं ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ज्वॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष डॉ. लक्ष्मीकांत बाजपेयी और प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह की मौजूदगी में इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इनमें विश्व त्यागी परिषद के अध्यक्ष गाजियाबाद के दिशांत त्यागी, अमरोहा के जिला पंचायत सदस्य हेम सिंह आर्य जाटव, क्षत्रिय महासेना के राष्ट्रीय महामंत्री गाजियाबाद के सत्येंद्र सिंह भी शामिल हैं। इनके अलावा बुलंदशहर की अनूप शहर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष ब्रजेश शर्मा और उनकी पत्नी पूर्व एमएलसी अर्चना शर्मा, बसपा के जिला पंचायत सदस्य अमरोहा के डॉ. सोरन सिंह जाट, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विपनेश चौधरी, सपा व्यापार सभा के उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
आज ब्रज क्षेत्र के नेता भाजपा में होंगे शामिल
विधानसभा चुनाव 2022 से पहले भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सदस्यता अभियान के तहत सोमवार को ब्रज क्षेत्र के नेताओं को सदस्यता दिलाई जाएगी। भाजपा की ज्वॉइनिंग कमेटी के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने रविवार को विभिन्न दलों के प्रमुख नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद कहा कि इसके बाद सपा, बसपा और कांग्रेस के बडे़ नेताओं को भाजपा में शामिल कराया जाएगा। एक दिन में एक नेता की ज्वाइनिंग होगी, 9 से 10 दिन तक यह कार्यक्रम चलेगा।
दूसरे दलों से आए नेताओं को भाजपा ने दिया सम्मान
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने कहा कि भाजपा को 2022 में 2017 से बड़ी जीत मिलेगी। पार्टी में दूसरे दलों से आए लोगों का भी सम्मान किया जाता है। भाजपा ने दूसरे दलों से आए नेताओं को प्रदेश व केंद्र सरकार में मंत्री, विधायक सांसद बनाने के साथ अन्य महत्वपूर्ण पद दिए हैं।
केसी त्यागी बोले- बेटा जहां चाहे वहां जाए
लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने बताया कि उन्होंने केसी त्यागी से पूछा था कि क्या उनके बेटे को भाजपा में शामिल कर लिया जाए। तो त्यागी ने कहा कि हम बाहर लोकतंत्र की दुहाई देते हैं, हमारे परिवार में आंतरिक लोकतंत्र है। यदि बेटा अमरीश भाजपा में शामिल होना चाहता है तो अवश्य हो जाए, उन्हें कोई आपत्ति नहीं है।