लखनऊ से दिल्ली के बीच एयर ट्रैफिक गड़बड़ाया, मंत्री समेत ढाई हजार पैसेंजर फंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली में मौसम खराब होने से शुक्रवार को लखनऊ से दिल्ली के बीच एयर ट्रैफिक गड़बड़ा गया। दिल्ली जाने वाली विस्तारा की फ्लाइट को जहां जयपुर डायवर्ट कर दिया गया, वहीं लखनऊ से दिल्ली जाने व लखनऊ आने वाली फ्लाइटें चार घंटे तक लेट हुईं। इससे करीब ढाई हजार यात्रियों को असुविधा हुई।
अमौसी एयरपोर्ट पर शुक्रवार को पैसेंजरों को उस वक्त असुविधा हुई, जब दिल्ली में मौसम खराब होने से विमानों के टेक ऑफ में देरी हुई। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट यूके-879 लखनऊ से दोपहर 3.25 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी, लेकिन मौसम खराब होने से इसे जयपुर डायवर्ट कर दिया गया।
इस फ्लाइट में मंत्री आशुतोष टंडन भी थे। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि फ्लाइट रात करीब साढ़े आठ बजे दिल्ली पहुंची। ऐसे ही एयर इंडिया की लखनऊ से दिल्ली जाने वाली एआई-812 सवा दो घंटे की देरी से रात 9.10 बजे उड़ान भर सकी।
दिल्ली में आने वाले विमान भी हुए लेट
इंडिगो की 6ई-5004 भी 55 मिनट, इंडिगो की 6ई-185 साढ़े तीन घंटे, विस्तारा एयरलाइंस की यूके-835 लखनऊ से डेढ़ घंटे, इंडिगो की 6ई-306 पौने एक घंटे, इंडिगो की ही 6ई-212 करीब 40 मिनट और एयर इंडिया की एआई-412 भी करीब एक घंटे और एआई-424 सवा घंटे की देरी से अमौसी एयरपोर्ट से उड़ान भर सकी।
दिल्ली से लखनऊ आने वाले विमान भी देरी के शिकार हुए। इंडिगो की 6ई-6528 एक घंटे की देरी से रात 10 बजे पहुंची, जबकि 6ई-5043 डेढ़ घंटे, इंडिगो की 6ई-174 एक घंटे 10 मिनट, इंडिगो की 6ई-959 सवा तीन घंटे, इंडिगो की 6ई-943 एक घंटे, इंडिगो की 6ई-5003 40 मिनट लेट अमौसी पहुंची।