रक्षा मंत्री बोले, पाकिस्तान को देंगे मुंहतोड़ जवाब!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षामंत्री मनोहर परिकर ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ और सीमा पर सीजफायर उल्लंघन की घटनाएं रुके बगैर पाकिस्तान से कोई बात नहीं होगी। उसे उसी की भाषा में जवाब मिलता रहेगा। हमारे सैनिक मुंहतोड़ जवाब दे भी रहे हैं। सीमा पर नागरिकों व सैनिकों पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जा सकते।
इस मामले में किसी बाहरी की सलाह या सुझाव पर केंद्र सरकार की नीतियों में कोई परिवर्तन नहीं होगा। चीन के साथ विवादित मुद्दों पर उन्होंने कहा, समस्याओं का हल करना हमारा लक्ष्य है, सबको ‘ठीक’ करना नहीं। चीन के साथ जो भी विवादित मसले हैं, उन पर बातचीत चल रही है। देश की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होगा। परिकर मंगलवार को यहां भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
परिकर से पूछा गया कि भाजपा पहले आरोप लगाती थी कि यूपीए सरकार के ढुलमुल रवैये के कारण पाकिस्तान भारतीय सैनिकों पर हमले कर रहा है। अब भी वैसी ही स्थिति है। परिकर ने कहा कि नीतियों से कोई समझौता नहीं हुआ है।
छह महीने में दिखेंगे परिणाम
सरकार जैसे को तैसा की शैली में जवाब देने को कटिबद्ध है। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भले ही सीजफायर के उल्लंघन की घटनाओं में कुछ बढ़ोतरी लग रही हो, लेकिन नियंत्रण रेखा पर घटी हैं। इस सवाल पर कि क्या हमारे जवानों की जान इसी तरह जाती रहेगी? परिकर ने कहा कि छह महीने में सार्थक परिणाम सामने होंगे। सभी को परिवर्तन महसूस होगा।
रक्षा सौदों में बिचौलियों को कानूनी रूप देने के फैसले पर सवालों के जवाब में रक्षामंत्री ने कहा कि बिचौलियों को वैधानिक मान्यता नहीं दी जा रही है। इनकी भूमिका तकनीकी विशेषज्ञ व सलाहकार की होगी। इन्हें कोई कमीशन नहीं दिया जाएगा।
परिकर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कई कदम उठाए हैं। जिन सैनिकों ने न्यायालय की शरण ले रखी है, उनकी समस्याओं का समाधान करने का भी फैसला किया गया।