वीमेन पावर लाइन के फेसबुक पेज पर किया ऐसा कमेंट मचा हड़कंप
वीमेन पॉवर लाइन 1090 के फेसबुक पेज पर अश्लीलता करने के आरोप में हरियाणा के सिरसा में रहने वाले पवन को गौतमपल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पवन ने फेसबुक पर पारस राठौर के नाम से फर्जी आईडी बनाकर कमेंट किए थे।
गौतमपल्ली एसओ सुरेंद्र कुमार कटियार ने बताया कि 1090 के दरोगा धर्मेंद्र प्रताप सिंह की तरफ से एफआईआर दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पवन ने बीती तीन जून की शाम पौने छह बजे वीमेन पॉवर लाइन के ऑफीशियल पेज पर अपना मोबाइल नंबर लिखते हुए अश्लील कमेंट लिखा था।
उसने अपना नाम पारस बताते हुए लिखा कि कोई लड़की या महिला दोस्ती करना चाहती है तो वह चौबीस घंटे उपलब्ध है। उसने कई अश्लील बातें भी पोस्ट कीं। इस पोस्ट का कड़ा विरोध शुरू हो गया।
जानकारी पाकर आईजी वीमेन पॉवर लाइन नवनीत सिकेरा ने छानबीन के निर्देश दिए। पारस ने जो नंबर लिखा था, उस पर कॉल की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फेसबुक कंपनी से संपर्क स्थापित किया गया।
पवन ने कई नाम से बना रखी थी प्रोफाइल
फेसबुक ने बताया कि पारस नाम की आईडी पवन ने बनाई है और वह हरियाणा के सिरसा का रहने वाला है। वीमेन पॉवर लाइन ने हरियाणा पुलिस को पूरा मामला बताते हुए पवन के बारे में जानकारी मांगी।
हरियाणा पुलिस ने छानबीन करके बताया कि पवन एक निजी कंपनी में सेल्समैन है। उसे बहाने से लखनऊ बुलवाकर गिरफ्तार कर लिया गया। वीमेन पॉवर लाइन के सूत्रों ने बताया कि पवन ने फेसबुक पर कई नाम से प्रोफाइल बना रखी थी। कुछ प्रोफाइल उसने लड़कियों के नाम से बनाई थीं।
वह कॉलेज की छात्राओं, ऑफिस की युवतियों और गृहणियों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उनसे दोस्ती करता था। दो-तीन महीने चैटिंग के बाद वह संबंधित महिला को मिलने के लिए बुलाता और अपनी असलियत बताता। कई महिलाएं उसके जाल में फंस जाती थीं। इनसे वह देर रात तक वीडियो चैट में अश्लीलता करता था।