यूपी में मैगी से प्रतिबंध हटा, शुरू हुई बिक्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नौनिहालों की सेहत पर खतरा बनने के बाद प्रदेश में प्रतिबंधित मैगी की बिक्री तय सुरक्षा मानक के आधार पर प्रदेश के बाजारों में फिर से शुरू होगी। प्रदेश के खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के आयुक्त बीके सिंह ने बीते छह माह से प्रदेश में मैगी की बिक्री पर लगी रोक हटाए जाने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में मई 2015 में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसए) के स्तर पर मैगी उत्पाद की बिक्री व भंडारण पर लगे प्रतिबंध के बाद मैगी बिक्री को रोका गया था।
एफएसएसए ने नेस्ले इंडिया के उत्पाद मैगी की बिक्री पर यह प्रतिबंध महाराष्ट्र हाईकोर्ट में लंबित वाद के आधार पर लागू किया था। एफएसडीए आयुक्त ने बताया कि गुरुवार को उनकी केंद्रीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के इन्फोर्समेंट डायरेक्टर राकेश चंद्रा से मैगी की बिक्री होने अथवा न होने देने के संबंध में विस्तृत बातचीत हुई।
चन्द्रा ने जानकारी दी कि महाराष्ट्र हाईकोर्ट में लंबित जिस वाद के आधार पर मैगी की बिक्री पर रोक लगायी गयी थी उसमें कोर्ट द्वारा सुरक्षा मानकों के अनुपालन के आधार पर उत्पादन कंपनी को मैगी उत्पाद बेचने देने का निर्णय किया है।
इसके बाद एफएसएसए ने बिक्री रोके जाने के संबंध में सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी भी दाखिल कर दी है, लेकिन इस मामले की सुनवायी अभी लंबित है। ऐसे में विधिक तौर पर मैगी की बिक्री पर फिलहाल कोई प्रतिबंध नहीं माना जा सकता।
बिक्री पर रोक न लगाने के दिए थे निर्देश
एफएसडीए आयुक्त बीके सिंह ने बताया कि इसी आधार पर एफएसएसए से मैगी की बिक्री शुरू किए जाने संबंधित लिखित दिशा निर्देश मांगते हुए फिलहाल प्रदेश में मैगी बिक्री पर लगे प्रतिबंध को खत्म कर दुकानों से मैगी उत्पादों की बिक्री शुरू किए जाने पर सहमति जतायी गयी है।
इससे पूर्व, दिन भर एफएसडीए के आला अधिकारियों में मैगी बिक्री पर प्रतिबंध होने अथवा न होने को लेकर भारी असमंजस की स्थिति रही।
दोपहर 12.30 बजे करीब अमर उजाला द्वारा एफएसडीए आयुक्त बीके सिंह से बातचीत की गयी तो उन्होंने मैगी बिक्री पर प्रतिबंध लागू होने की जानकारी पूरे विश्वास से दी।
इतना ही नहीं, अपर आयुक्त (प्रशासन) राम अरज मौर्या ने भी यही बताया कि एफएसएसए द्वारा मैगी बिक्री पर प्रतिबंध हटाने के संबंध में कोई नए दिशा निर्देश जारी न किए जाने के कारण प्रदेश में इसकी बिक्री फिलहाल प्रतिबंधित रहेगी।
वहीं, अपर आयुक्त (फूड) विजय बहादुर ने दोपहर एक बजे ही मैगी बिक्री से प्रतिबंध हटाए जाने और इस संबंध में एफएसडीए की जिला इकाई को मैगी बिक्री रोकने संबंधी कोई कार्रवाई न किए जाने के निर्देश तक दे दिए थे।