यूपी: 25 रुपये में तैयार होती 'मौत की गोली' और 2300 में बिकती थी! जानें कैसे चलता था नकली दवाओं का काला खेल
एसटीएफ और एफएसडीए की संयुक्त कार्रवाई में हिमाचल के बद्दी से यूपी-बिहार तक नकली दवाओं की सप्लाई करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है, जो 20-25 रुपये में चाक-बुरादे से नकली दवाएं बनाकर उन्हें असली दामों पर बेचता था। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बद्दी की तीन अवैध फैक्टरियों को सील कर दिया है, जबकि गिरोह के मास्टरमाइंड और अन्य साथियों की तलाश जारी है।
विस्तार
नकली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाला गिरोह मोटी कमाई कर रहा था। दवाई के नाम पर चाक-बुरादे से बनी नकली दवाएं खिला रहे थे। दवाओं को तीन-तीन सौ रुपये में खरीदकर उनको असली दामों (1800-2300) पर बेचा जाता था। सीधे सेहत से खिलवाड़ भी किया जाता था। एसटीएफ की पूछताछ में आरोपियों ने इसका खुलासा किया था। तमाम ट्रांजेक्शन भी इसी तरह के मिले हैं, जिससे इसकी पुष्टि हुई है।
एसटीएफ ने एफएसडीए के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को बड़ी कार्रवाई की है। नकली दवाओं का अवैध कारोबार करने वाले अभिषेक सिंह, बिचौलिये हसीन और मोनू कुमार को गिरफ्तार किया था। खुलासा किया था कि हिमाचल के बद्दी में फैक्टरी लगाकर बदायूं निवासी सुनील नकली दवाएं बनाता था। जहां मोनू काम करता था। वहीं से नकली दवाओं की सप्लाई की जा रही थी। अभिषेक, हसीन के जरिये दवाएं लाकर यूपी से लेकर बिहार तक सप्लाई करता था।
तफ्तीश में सामने आया कि पैन-40 टैबलेट का डिब्बा करीब 1900, न्यूरोकाइंड एलसी का डिब्बा लगभग 2300 का है। अभिषेक इन ब्रांड के नाम की नकली दवाएं 300-300 रुपये प्रति डिब्बा खरीदता था। इसी तरह से अन्य नकली दवाओं की खरीदारी की जाती थी। फिर बाजार में इन नकली दवाओं को असली दवाओं के दामों पर बेचा जाता था। अंदाजा लगाया जा सकता है कि कितनी मोटी रकम कमाई जाती थी। वहीं निर्माण में मुश्किल से 20-25 रुपये का खर्च आता था।
एक फैक्टरी ऐसी भी..
हिमाचल के बद्दी में अब तक एसटीएफ ने तीन फैक्टरियां सील की हैं। इसमें से एक फैक्टरी की भूमिका अभी जांची जा रही है। एक फैक्टरी, जो सुनील कुमार चला रहा था, जांच में पता चला कि उसके पास कोई दस्तावेज नहीं है। उसने बंद होने वाली फैक्टरी से उपकरण खरीदे। उसी के जरिये नकली दवाएं बनाने लगा। उसके पास न दवा निर्माण का लाइसेंस था और न ही खरीद-फरोख्त का। तीसरी फैक्टरी के पास खरीद-फरोख्त का लाइसेंस था, लेकिन निर्माण का नहीं। खरीद-फरोख्त के लाइसेंस की आड़ में नकली दवाओं का निर्माण किया जा रहा था।
पांच और लोगों से पूछताछ जारी...
मामले में आरोपी हसीन का भाई वसीम, पंकज, सुनील समेत कई और लोगों की गिरफ्तारी बाकी है। सूत्रों के मुताबिक, एसटीएफ की टीम ने गिरोह से जुड़े कई लोगों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। इसमें कुछ हिमाचल तो कई पश्चिमी यूपी के लोग हैं, जो नेटवर्क में लंबे समय से जुड़े हुए हैं। जल्द और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
राज्यों की सीमा पर नाकामी
नकली दवाओं की खेप एक राज्य से दूसरे राज्यों को होती रही, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। ये खेल काफी समय से चलता रहा है। इससे एक बात तो स्पष्ट है कि सीमा पर विभाग की निगरानी फेल रही। निगरानी करने में विभाग पूरी तरह नाकाम रहा, जबकि निगरानी करने के निर्देश दिए जाते रहे हैं। खासकर राज्यों की सीमा पर एहतियात और सतर्कता अधिक होनी चाहिए। ऐसा न होने से गिरोह ने धड़ल्ले से नकली दवाओं की सप्लाई की।
