मैनपुरी बस हादसे में लखनऊ के पिता-पुत्री की मौत, एक पल में बदल गई हंसते-मुस्कुराते परिवार की जिंदगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
‘हे राधे, हमारी गुड़िया तो तुम्हारे दरसन को गई थी। क्या गलती हो गई थी उससे। काहे छीन लिया उसको....’ आसमान की तरफ हाथ जोड़कर खड़े बुजुर्ग राज नारायण शुक्ला यह कहते हुए फफक पड़े। दोपहर को जैसे ही किसी ने उन्हें बेटे शिशिर और छह साल की पोती विदुषी की सड़क हादसे में मौत की खबर दी, जैसे आसमान टूट पड़ा हो। रोना-पीटना सुनकर कुछ ही देर में घर पर पूरा मुहल्ला जुट गया। राज नारायण शुक्ला और उनकी पत्नी सुषमा ने खुद को संभालने की कोशिश की, लेकिन जमीन पर गिर पड़े।
मैनपुरी में हुए हादसे ने कृष्णानगर के तिवारीपुरम निवासी रेलवे से सेवानिवृत राज नारायण की तो जैसे दुनिया ही उजाड़ दी। भर्राए गले से उन्होंने बताया कि परिवार में पत्नी सुषमा, बेटा सौरभ, उसकी पत्नी आराधना उर्फ रुचि और बेटा दिव्य तथा शिशिर, उसकी पत्नी अपर्णा और बेटी विदुषी थे।
शिशिर एक दैनिक समाचार पत्र में मार्केटिंग का काम करता था। विदुषी लॉरेटो कान्वेंट में कक्षा एक की छात्रा थी। सारी खुशियां छिन गईं। रह-रहकर उन्हें मासूम पोती का चेहरा याद आता और वह फूट-फूटकर रो पड़ते।
परिवारीजनों ने बताया कि शिशिर पत्नी और बेटी के साथ 17 अप्रैल को मथुरा-वृंदावन दर्शन करने गया था। रविवार दोपहर तीनों बस से लौट रहे थे तभी मैनपुरी के पास हादसा हो गया। हादसे में अपर्णा की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। परिवारीजनों के मुताबिक राज नारायण शुक्ला मूलरूप से निगोहां के समेसी गांव के रहने वाले थे और करीब 20 साल पहले कृष्णानगर में मकान बनवाने के बाद परिवार समेत यहीं रह रहे थे।
मातम के चलते शादी समारोह में बंद कराया संगीत
राज नारायण शुक्ला के घर के पास ही एक मैरिज लॉन में शाम को शादी समारोह का आयोजन था। शाम सात बजते ही समारोह रंग में आया तो तेज संगीत बजने लगा। मुहल्ले के लोगों ने मैरिज लॉन जाकर वर-वधू पक्ष को हालात से अवगत कराया तो उन्होंने संगीत बंद करा दिया।
आज खुलना था विदुषी का स्कूल
परिवारीजनों ने बताया कि विदुषी के स्कूल की 17 से 21 तक की छुट्टी थी, इसलिए शिशिर ने परिवार के साथ मथुरा-वृंदावन में दर्शन का कार्यक्रम बना लिया था। रविवार को वह मथुरा से घर के लिए जल्दी निकला ताकि शाम तक घर पहुंचकर सभी आराम कर लें और सोमवार सुबह विदुषी आराम से स्कूल जा सके। क्या पता था कि विदुषी अब कभी स्कूल नहीं जा पाएगी।