Lucknow: धोखाधड़ी के आरोपी युवक की हत्या, खेत में मिला शव, मामले में एफआईआर दर्ज
लखनऊ के तेलीबाग में धोखाधड़ी के आरोपी युवक की हत्या कर दी गई। मामले में छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ शक के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है।
विस्तार
पीजीआई के कल्ली पश्चिम गांव से सोमवार रात घर से निकले धोखाधड़ी के आरोपी किसान देशराज (40) की हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव घर से कुछ दूरी पर उनके खेत में पड़ा मिला। पास में उनकी बाइक भी खड़ी थी। घटनास्थल पर कुछ इंजेक्शन भी पड़े मिले। पत्नी सीमा देवी ने जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों पर पति की हत्या का शक जताते हुए पीजीआई थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।
सीमा देवी के अनुसार, रात में उनके पति मोबाइल ठीक कराने की बात कहकर बाइक से घर से निकले थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। मोबाइल खराब होने के कारण उनसे संपर्क भी नहीं हो सका। घरवालों ने रिश्तेदारों और परिचितों से संपर्क कर देशराज के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे घर से डेढ़ किलोमीटर दूर बाबूखेड़ा के हनुमंतनगर स्थित खेत में देशराज का शव पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंच गए। सीमा के अनुसार, पति के चेहरे पर चोट के निशान थे तथा नाक और मुंह से खून निकल रहा था।
पुलिस ने जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। खेत के पास ही देशराज की बाइक खड़ी मिली, जबकि शव के पास कुछ इंजेक्शन पड़े थे। पत्नी की तहरीर पर शक के आधार पर देवा शुक्ला, रामापति तिवारी, सीमा सिंह, अब्दुल फहद, अजय, राजू और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ आरोपियों को हिरासत में भी लिया है। डीसीपी साउथ अमित आनंद का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। देशराज के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और एक बेटी हैं।
फरवरी में भेजा गया था जेल, दो जून को मिली थी जमानत
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि रायबरेली के उमरामऊ गांव निवासी सीमा सिंह ने 15 नवंबर 2025 को अमित सैनी, पवन त्रिवेदी, शिवम सिंह और उर्मिला के खिलाफ जमीन के नाम पर धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई थी। जांच के दौरान देशराज का नाम भी सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने उर्मिला और देशराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। दो जून को देशराज जमानत पर रिहा होकर घर आया था।
झूठे मामले में फंसाकर भेजा था जेल
देशराज की पत्नी सीमा देवी का आरोप है कि आरोपियों ने नशे की हालत में उनके पति से कुछ जमीन अपने नाम करा ली थी और इसके बदले रुपये भी नहीं दिए थे। रुपये मांगने पर आरोपी देशराज को धमकाते थे। इतना ही नहीं, पत्नी का आरोप है कि आरोपी रामापति ने सीमा सिंह की मदद से झूठा मुकदमा दर्ज कराकर उनके पति को जेल भिजवा दिया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.