अपनी मेट्रो पर सवार होकर चुनाव लड़ेंगे अखिलेश!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेट्रो रेल परियोजना में निर्माण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया का आगाज कर दिया गया है। 541 करोड़ रुपये का सिविल कार्यों का टेंडर मंगलवार शाम दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोशन (डीएमआरसी) की ओर से जारी कर दिया गया है।
जिस तेजी से लखनऊ मेट्रो को दौड़ाने का प्लान बनाया गया है, उससे यही लग रहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में सीएम मेट्रो की सवारी करेंगे।
इस टेंडर प्रक्रिया में सारे नियम डीएमआरसी के लागू किए जाएंगे। 31 जुलाई तक प्रक्रिया खत्म हो जाएगी। 20 अगस्त तक निर्माणकर्ता कंपनी तय हो जाएगी।
सितंबर में निर्माण होगा। इस काम को पूरा करने के लिए 24 महीने का समय तय किया गया है।
17 में चुनाव, सितंबर 2016 मेंदौड़ेगी मेट्रो
रोलिंग स्टॉक (मेट्रो बोगी और अन्य उपकरण) के लिए भी टेंडर जल्द ही कर दिया जाएगा।
ऐसे में माना जा रहा है कि 2017 विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले ही राजधानी में पहले आठ किलोमीटर (ट्रांसपोर्ट नगर से चारबाग) के बीच मेट्रो दौड़ने लगेगी।
एलएमआरसी के प्रधान सलाहकार ई. श्रीधरन ने बुधवार को बताया कि पहले जो 550 करोड़ रुपये का टेंडर तय था, उसको 541 करोड़ रुपये का किया जा रहा है।
इस टेंडर प्रक्रिया में प्राइमरी सेक्शन के सभी आठ स्टेशनों के लिए ऊपरगामी स्टेशन और ट्रैक, मवइया में विशेष स्पैन, 32 वीं वाहिनी पीएसी की भूमि पर डिपो निर्माण और यूटीलिटी ट्रांसफर का काम भी करना होगा।
इस तरह होगी टेंडर प्रक्रिया
10 जुलाई को इच्छुक कंपनियों के बीच में प्री-बिड कांफ्रेंस किया जाएगा। उसमें कंपनियों के प्रतिनिधियों की टेंडर प्रोसेस संबंधी उत्सुकताओं का समाधान किया जाएगा।
इसके बाद में 31 जुलाई तक प्रक्रिया पूरी कर 20 अगस्त तक चयनित कंपनी को लेटर ऑफ इंटेंट (एलओई) दे दिया जाएगा।
सितंबर से उसको काम शुरू कर देना होगा। सितंबर 2016 तक कंपनी काम पूरा कर देगी। ई श्रीधरन ने बताया कि जल्द ही रोलिंग स्टॉक को लेकर भी टेंडर किया जाएगा।
इससे स्पष्ट है कि सिविल कार्यों के साथ इलेक्ट्रोमैकेनिकल और रोलिंग स्टॉक से जुड़े भी कार्य भी किए जाते रहेंगे। ऐसे में सभी काम एक साथ पूरे होंगे, आठ किलोमीटर के पहले सेक्शन पर मेट्रो का कार्य एक साथ पूरा होगा।
पहले इन स्टेशनों का शुरू होगा निर्माण
ट्रांसपोर्ट नगर, कृष्णा नगर, सिंगार नगर, आलमबाग, आलमबाग बस स्टेशन, मवैया, दुर्गापुरी और चारबाग रेलवे स्टेशन।
डीएमआरसी की वेबसाइट पर यह टेंडर डाल दिया गया है। इसे देखने के लिए टेंडर विकल्प के लखनऊ मेट्रो लिंक पर जाकर इसको देखा जा सकता है। इसमें टेंडर से जुड़ी तमाम जानकारी दी गई हैं। डीएमआरसी की वेबसाइट का पता http://www.delhimetrorail.com है।
भारतीय कंपनियों के साथ आ सकती हैं विदेशी फर्म
राजधानी में मेट्रो निर्माण कार्य के लिए विदेशी कंपनियों को भी मौका मिल सकता है। मगर यह मौका उनको तभी मिलेगा, जब वे किसी भारतीय सहभागी के साथ टेंडर प्रक्रिया में भाग लेंगे।