दुनिया में सबसे गंदी आबोहवा वाले शहरों में लखनऊ भी
दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों को लेकर आई विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की ताजा रिपोर्ट चौकाने वाली है। देश के कई शहर गंभीर वायु प्रदूषण की जद में आ गए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इलाहाबाद यूपी का सबसे प्रदूषित शहर है, जबकि लखनऊ चौथे स्थान पर है।
वहीं, देश भर में इलाहाबाद तीसरे व लखनऊ नौंवे स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक जहां लखनऊ की हवा 11 गुना ज्यादा जहरीली है तो वहीं इलाहाबाद की हवा में 17 गुना अधिक जहर घुली हुई है। लिस्ट में कानपुर यूपी का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर है।
2015 के आंकड़ों के आधार पर आई रिपोर्ट के मुताबिक पीएम 2.5 में तो लखनऊ व फीरोजाबाद बराबरी पर हैं, लेकिन पीएम-10 का आंकड़ा केवल एक माइक्रोग्राम प्रति घनमी अधिक होने से फीरोजाबाद लखनऊ से अधिक प्रदूषित हो गया है।
इन्हें बनाय गया आधार
डब्ल्यूटीओ ने हवा की गुणवत्ता जांचने के लिए हवा में मौजूद सूक्ष्मकणों की साइज पीएम 2.5 और पीएम 10 को आधार बनाया है।
यूपी के शहरों में इलाहाबाद की हवा सबसे खराब
शह--पीएम2.5--पीएम-10
इलाहाबाद--170--317
कानपुर--115--215
फीरोजाबाद--113--212
लखनऊ--113--211
आगरा--105--196
(यह आंकड़े सालाना औसत के मुताबिक माइक्रोग्राम प्रति घनमी में हैं। डब्ल्यूएचओ के2015 में आए मानकों के मुताबिक स्वच्छ हवा के लिए अधिकतम पीएम2.5 10 और पीएम10 20 माइक्रोग्राम प्रति घनमी, सालाना औसत होना चाहिए।)