पाकिस्तान की 43 वेबसाइटें लखनऊ के नौसिखियों ने की हैक
पाकिस्तान की वेबसाइटों को हैक करने के मामले में लखनऊ के नौसिखिए हैकर शामिल रहे। पठानकोट आतंकी हमले के बाद हैकरों ने पाकिस्तान की 600 वेबसाइटें हैक कर लीं, इनमें से 43 साइटें लखनऊ से हैक की गईं।
इनका लिंक पेस्टबिन डाट काम में मौजूद है। पुलिस जांच में जुटी है। साइबर विशेषज्ञ और साइबर सेल लखनऊ से जुड़े नितनेम सिंह ने बताया कि एसटीएफ ने इन हैकरों की पड़ताल की। इनकी पहचान और लोकेशन को आसानी से पता कर लिया गया।
ऐसा कोई नौसिखिया हैकर ही कर सकता है। यह असल में ऐसे लड़के होते हैं जो कि हैकिंग सीख रहे होते हैं। यह पहचान आईपी एड्रेस को ट्रेस कर पता कर ली गई। लखनऊ के इन नौसिखिया हैकरों के नाम कई बार कम गंभीर मामलों में आ चुके हैं।
यहां हुई हैकिंग
इन हैकरों को डिफेंस करना नहीं आता। कोई भी प्रोफेशनल हैकर कभी भी अपनी पहचान उजागर नहीं होने देता। जिन पाकिस्तानी वेबसाइटों को हैक किया गया वे औद्योगिक और व्यावसायिक मामलों से जुड़ी थीं।
हैकिंग भारत के विभिन्न राज्यों में गई थी। लखनऊ के अलावा कोलकाता, दिल्ली, राजस्थान, भोपाल, त्रिपुरा, हैदराबाद और महाराष्ट्र से भी हैकिंग की गई थी।