विदेशों की तर्ज पर बनेगा लखनऊ का फुटबॉल स्टेडियम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इंग्लैंड के आर्सेनल और स्पेन के रियल मेड्रिड क्लबों के शानदार फुटबॉल स्टेडियम जैसा ही खूबसूरत फुटबॉल स्टेडियम राजधानी में भी जल्द आकार लेगा।
इंग्लैंड, स्वीडन और स्पेन के मशहूर क्लबों के स्टेडियम का दौरा कर लौटी एलडीए अफसरों की टीम दुनिया के बेहतरीन स्टेडियमों की अहम खूबियों को लेकर रिपोर्ट तैयार करने में जुट गई है।
इसे शासन को पेश कर फाइनल करवाया जाएगा ताकि स्टेडियम का जल्द ही शिलान्यास हो सके। एलडी अफसरों ने बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश फुटबॉल के दीवाने हैं। इसलिए वो चाहते हैं कि देश का अब तक का सबसे बेहतरीन फुटबॉल स्टेडियम राजधानी में ही बनाया जाए।
देश में अब तक इस स्तर का फुटबॉल स्टेडियम नहीं है, जैसा लखनऊ में बनाने की तैयारी सरकार कर रही है। एक ओर 50 हजार क्षमता का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तो उसके साथ 25 हजार दर्शकों वाला इंटरनेशनल फुटबॉल स्टेडियम भी होगा।
शहीद पथ के साथ बनाए जा रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के साथ ही पहला अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल स्टेडियम बनेगा। प्रदेश में इंटरनेशनल मैच कराने लायक ये पहला फुटबॉल मैदान होगा।
देश का सबसे बेहतरीन फुटबॉल स्टेडियम बनेगा लखनऊ में
स्टेडियम तीन मंजिल होगा, जिसके साथ में एक बेहतरीन पार्किंग भी होगी। इकाना स्पोर्ट्स सिटी ही क्रिकेट स्टेडियम के साथ इसका भी निर्माण करेगी। 253 करोड़ रुपये की लागत से ये स्टेडियम बनाया जाएगा।
देश में अब तक जितने भी फुटबॉल स्टेडियम हैं, उनमें से इसको सबसे बढ़िया बनाने की तैयारी की जा रही है। 25 हजार दर्शकों की क्षमता वाले तीन मंजिला बनने वाले स्टेडियम की इजाजत मांगी गई है।
यहां थ्री टियर दर्शक दीर्घा, फ्लड लाइट्स, कॉरपोरेट बॉक्स, मीडिया, वीआईपी गैलरी भी बनाई जाएंगी। डीपीआर में फुटबॉल स्टेडियम के लिए करीब 187 करोड़ रुपये और कवर्ड पार्किंग के लिए 63 करोड़ रुपये का प्रस्ताव किया गया है।
कुल लागत करीब 253 करोड़ रुपये तय की गई है। एलडीए की ओर से बताया गया है कि पीपीपी के आधार पर बनाए जा रहे क्रिकेट स्टेडियम और खेल परिसर की शर्तों में इतने बड़े फुटबॉल स्टेडियम को शामिल नहीं किया गया था। इस वजह से इस पर होने वाला खर्च शासन को उठाना पड़ेगा। ये प्रस्ताव भेजा जाएगा।
लखनऊ में होंगे फुटबॉल के इंटरनेशनल मैच भी
प्रदेश में अभी तक उच्चस्तरीय फुटबॉल स्टेडियम नहीं है। यहां अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों के साथ ही इंडियन फुटबॉल लीग के मुकाबले भी करवाए जा सकेंगे। इससे न केवल लखनऊ बल्कि पूरे प्रदेश में फुटबॉल का स्तर ऊंचा उठेगा।
संतोष ट्रॉफी, डरुंड कप, आई लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट कराने के अवसर भी मिल सकेगा। फिलहाल वाराणसी फुटबॉल का गढ़ है, लेकिन राजधानी के भी फुटबॉल प्रेमियों की तादाद कम नहीं है।
देश का सबसे बेहतरीन फुटबॉल स्टेडियम गोमती नगर विस्तार की स्पोर्ट्स सिटी में बनाया जाएगा। हमने इंग्लैंड, स्वीडन और स्पेन के फुटबॉल ग्राउंड देखे हैं और काफी कुछ सीखा है। वहां की खूबियों को समेटे हमारा लखनऊ का भी स्टेडियम होगा।
सत्येंद्र कुमार सिंह, उपाध्यक्ष, लविप्रा