लखनऊ: गैस लीकेज से किचन में लगी आग, तेज धमाके से सिलेंडर फटा, ढहा मकान, चार गंभीर रूप से घायल
लखनऊ में शिया पीजी कॉलेज के पास सिलेंडर फटने से मकान ढह गया। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
विस्तार
गाजी मंडी में प्रॉपर्टी डीलर गुलाब कश्यप ने बताया कि रविवार सुबह 11.15 बजे चचेरे भाई सुरेश की पत्नी पिंकी किचन में खाना बना रही थीं। तभी पाइप ढीला होने से गैस लीक करने लगी और आग लग गई। पिंकी कुछ समझ पातीं तभी सिलिंडर फट गया। धमाके कारण दो मंजिला घर भरभरा कर जमींदोज हो गया। मकान के मलबे में पिंकी, जगदीश कश्यप, एक वर्षीय विदिशा व पड़ोसी राजकुमार रस्तोगी दब गए। धमका इतना भीषण था कि पड़ोसी दहल उठे। मलबे के उठे धुएं के गुबार छटने के बाद पड़ोसियों ने आनन-फानन दबे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद दमकल कर्मियों व पुलिस को घटना की सूचना दी और चारों लोगों को ट्रामा सेंटर पहुंचाया। यहां पिंकी, विदिशा व राजकुमार की हालत स्थिर बनी हुई है, जबकि डॉक्टरों ने जगदीश को बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।
हफ्ते में तीन बार बदला जा चुका था सिलिंडर
प्रॉपर्टी डीलर गुलाब की बहन कुसुम ने बताया कि पिछले हफ्ते सिलिंडर मंगाया गया था, जो दो दिन बाद लीक करने लगा। उसे लौटाकर दूसरा सिलिंडर मंगाया गया, वह भी लीक करने लगा। इसके बाद तीसरा सिलिंडर मंगाया गया, जिससे यह हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि भाभी किचन में खाना बनाने की तैयारी कर रही थीं। धमाका होने पर वह किसी तरह से बच कर बाहर भाग गईं। जबकि परिवार के लोग अंदर ही फंसे रह गए थे।परिजनों को बाहर निकालने के लिए कुसुम चीखने लगीं। चीख सुन लोगों ने उनकी मदद की। एफएसओ चौक पुष्पेंद्र कुमार के मुताबिक शुरुआती जांच में सिलिंडर में गैस का रिसाव के कारण धमाका होने की बात सामने आ रही है। हादसे की सूचना पर दमकल कर्मियों ने सबसे पहले घायलों को निकाल कर अस्पताल भेजा गया था। विस्तृत जांच होने के बाद ही सिलिंडर फटने की सही वजह सामने आ सकेगी।
मकानों के शीशे चटके, मलबे में दबी गाड़ियां
गाजी मंडी निवासी वैभव मिश्रा के मुताबिक गुलाब के घर के पास ही उसकी बाइक खड़ी थी। जो मलबे में दब गई। इसी तरह शुभम कश्यप की एक्टिवा भी मलबा गिरने से टूट गई। पड़ोसी दीपक प्रकाश रस्तोगी के मुताबिक रविवार की छुट्टी होने के कारण अधिकांश लोग घरों में ही थे। तेज धमाके की आवाज सुनाई पड़ी। हादसे में उनके मकान में लगी खिड़की का कांच भी टूट गया। इसी तरह संजय सोनी के मकान के रोशनदान में लगा कांच भी टूट गया।