वायरलेस पर चिल्लाते रहे आईजी, सोती रही पुलिस, भाग निकले खतरनाक अपराधी
कीमती माल से लदे ट्रकों को लूटने वाला गिरोह शुक्रवार रात भाग नहीं पाता अगर सीओ सो नहीं रहे होते। आईजी ए.सतीश गणेश वायरलेस सेट पर कॉल करते रहे, पर किसी सीओ ने जवाब नहीं दिया।
पुलिस कंट्रोल रूम के जरिये चेक कराया तो पता चला कि 14 में से महज तीन क्षेत्राधिकारी अपने इलाके में हैं। सात घर पर आराम फरमा रहे था तो चार कहां थे यह भी पता नहीं चल सका।
क्षेत्राधिकारियों की लापरवाही से खफा आईजी ने सख्त नाराजगी जताते हुए एसएसपी मंजिल सैनी को पत्र लिखकर इन अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा। एसएसपी ने 11 सीओ से जवाब तलब किया है।
सभी सीओ को कॉल किया नहीं मिला रिस्पॉन्स
आईजी जोन ए. सतीश गणेश ने बताया कि दवाओं से भरा ट्रक लूटकर फरार बदमाशों की तलाश में जुटी रायबरेली पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से लोकेशन ट्रेस किया।
पता चला कि होंडा सिटी कार में सवार बदमाश एक अन्य वारदात अंजाम देने की तैयारी से लखनऊ की तरफ जा रहे हैं। पुलिस टीम ने पीछा शुरू किया। संदेह होने पर लुटेरों ने कार की स्पीड बढ़ा दी। बछरावां थाना क्षेत्र में बैरियर तोड़ते हुए कार भागी।
एसपी रायबरेली ने आईजी को फोन पर जानकारी दी और लुटेरों को पकड़ने में मदद मांगी। आईजी ने राजधानी के सभी सीओ को वायरलेस पर कॉल किया लेकिन कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। काफी देर तक आईजी परेशान रहे। आखिर में उन्होंने पुलिस कंट्रोल रूम को सभी की लोकेशन चेक करने के आदेश दिए।