Christmas 2022: आधी रात को जन्मे प्रभु यीशु, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी क्रिसमस पर्व की बधाई
राज्यपाल ने कहा है कि प्रभु यीशु ने असहाय और पीड़ित मानवता को प्रेम, करुणा और दृढ़ संकल्प शक्ति का जो संदेश दिया था, वह समाज के लिए सदैव स्मरणीय है। वहीं मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि यह पर्व जरूरतमंदों की मदद करने तथा मिलजुलकर खुशियां बांटने का संदेश देता है।
विस्तार
रात 12 बजते ही प्रदेश भर में प्रभु यीशु के जन्म के साथ क्रिसमस की खुशियां मनाई गईं। गिरजाघरों में विश्व शांति के लिए प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। इसी क्रम में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने क्रिसमस पर्व के मौके पर प्रदेशवासियों, खासकर ईसाई समुदाय को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की है। राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने लोगों से कोरोना संक्रमण के तहत सावधानियां बरतते हुए पर्व मनाने की अपील की है।
राज्यपाल ने कहा है कि प्रभु यीशु ने असहाय और पीड़ित मानवता को प्रेम, करुणा और दृढ़ संकल्प शक्ति का जो संदेश दिया था, वह समाज के लिए सदैव स्मरणीय है। उनकी शिक्षाएं सभ्य समाज के निर्माण को दिशा प्रदान करती हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि यह पर्व जरूरतमंदों की मदद करने तथा मिलजुलकर खुशियां बांटने का संदेश देता है। विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने भी प्रदेशवासियों को क्रिसमस की बधाई देते हुए सुख-समृद्धि की कामना की है। विधानसभा अध्यक्ष ने पं. मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जंयती पर उन्हें नमन किया है।
शनिवार को खरीदारी के लिए बाजार रहे गुलजार
क्रिसमस डे को लेकर हर तरफ उत्साह का माहौल है। केक व सजावट का सामान खरीदने के लिए शनिवार को बाजारों में भीड़भाड़ रही। चर्चों को रंगबिरंगी बिजली की झालर व गुब्बारों से सजाया गया है। कई स्कूलों व घरों में आकर्षक तरीके से क्रिसमस ट्री सजाया गया है। प्रभु यीशु का जन्मदिवस रविवार को है। प्रभु यीशु के जन्मदिन पर आज गिरजाघर में सुबह-शाम प्रार्थना सभा की जाएगी। इसमें विश्व शांति की कामना की जाएगी। इसके बाद गरीबों व जरूरतमंदों को उपहार के तौर पर कंबल व ऊनी कपड़े बांटे जाएंगे।