गार्डों को बंधक बनाया फिर इत्मिनान से की लाखों की लूट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा दुकान का शटर व चैनल तोड़कर लाखों के जेवर लूट लिए। सशस्त्र लुटेरों ने पहले 4 गार्डों को बंधक बनाकर दुकान के पीछे कैद किया, फिर इत्मिनान से घटना को अंजाम दिया और फरार हो गए।
घटना मंगलवार भोर दो बजे की बताई जा रही है। बंधक गार्डों के अनुसार बदमाशों की संख्या 10 थी, वे असलहा, लोहे के राड और डंडे भी लिए थे।
पटरंगा थाना के पटरंगा मंडी में मंगलवार की भोर मे लगभग दो बजे 10 नकाबपोश बदमाश घुसे। सबसे पहले बदमाशों ने दो होमगार्ड व थाने के दो चौकीदारों के हाथ-पैर बांध कर पीछे कूड़े के ढेर मे फेंक दिया।
इसके बाद सुधीर कुमार सर्राफ की दुकान का शटर और चैनल तोड़ने लगे। घटना स्थल थाने से मात्र एक किमी दूर था, लेकिन पुलिस को कोई भनक नहीं लगी।
बदमाश चैनल और शटर तोड़ कर अंदर दाखिल हुए और लॉकर भी तोड़ डाला। इसके बाद आराम से सारा सामान साफ कर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद एक गार्ड ने हिम्मत जुटा शोरगुल करना शुरू किया, तो आसपास के लोग करीब तीन बजे आए।
इसके बाद गार्डों को मुक्त कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की है। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिला है। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है।
आठ लाख के सामान ले गए लुटेरे
सर्राफ सुधीर कुमार ने बताया कि लुटेरों ने 50 ग्राम सोने के जेवरात, 5 किलो चांदी के जेवर, एक किलो पुरानी चांदी समेत 20 हजार नकदी लाकर से लूटा है।
इसकी तहरीर थाने को दे दी है। पुलिस सुबह तीन बजे पहुंची।
थाने के चौकीदार प्रेमबाबू ने बताया कि करीब दो बजे बदमाश दो गलियों से पांच-पांच की संख्या में आए और चारों ओर से घेर लिया।
सबसे पहले उसके सीने पर बंदूक के बट से प्रहार किया। इसके बाद सभी को असलहा सटा जान से मारने की धमकी देते हुए साथ लाए रस्सी से बांध दिया। फिर दुकान के पीछे कचरे के ढेर पर ले जाकर फेंक दिया।
बदमाशों के जाने के बाद हिम्मत कर शोर किया गया, तो लोगों ने आकर रस्सी खोली,तब थाने को व व्यापारी को सूचना दी गई।
पटरंगा के एसओ इंद्रेश यादव का कहना है कि चौकीदार से पूछताछ और मौका मुआयना से लूट में शामिल गिरोह स्थानीय नहीं लग रहा है।
इनकी भाषा बाहर पश्चिम यूपी की लग रही थी। सभी 10 बदमाश हट्टे-कट्टे थे। बाहरी भाषा बोल रहे थे। सभी एक जैसे लम्बाई चौड़ाई में थे, गार्ड व चौकीदार के मुताबिक सभी का अनुमान बावरिया गिरोह पर जा रहा है। पुलिस ने जांच-पड़ताल की है। शीघ्र ही लुटेरों की पता लगाया जाएगा।
शराब व्यवसायी से भी हुई लूट
अंग्रेजी शराब व्यवसायी के सेल्समैन से मंगलवार सुबह फैजाबाद में सुबह 10 बजे हाइवे पर बदमाशों ने लाखों रुपये की लूट की। घटना पटरंगा क्षेत्र के रौजागांव चीनी मिल व गनौली गांव के बीच फोरलेन हाइवे पर हुई। इंडिगो कार सवार बदमाशों ने घटना को अंजाम दिया और भाग निकले।
बाराबंकी के रहने वाले सेल्समैन अनुपम जायसवाल के मुताबिक वह साढ़े नौ बजे रुदौली के नवाब बाजार मोहल्ला स्थित दुकान से कैश लेकर भिटरिया ठेकेदार के यहां जमा करने बाइक से रहा था।
करीब 10 बजे पीछे से आई सफेद इंडिगो कार ने ओवरटेक कर रोका। फिर तीन लोग उतरे और असलहा सटाकर बैग छीन लिया। बैग में 2 लाख एक हजार 980 रुपये थे। बदमाश लखनऊ की ओर भागे हैं। सूचना पर पुलिस पहुंची। बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।