अयोध्या: बैंक से ही पीछे लगे थे लुटेरे, कनपटी पर बंदूक लगाकर दिनदहाड़े एक लाख लूटे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अयोध्या जिले के थाना गोसाईगंज अंतर्गत रामगंज स्थित सहकारी समिति के पास सोमवार की सुबह बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे एक व्यक्ति से बाइक सवार तीन लुटेरे तमंचे के बल पर एक लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पीड़ित के अनुसार, काली रंग की बाइक पर सवार लुटेरों में से एक ने मुंह पर रूमाल व दो ने मास्क लगा रखा था। सूचना पर पहुंचे एसएसपी आशीष तिवारी, सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम व एसओजी टीम ने घटनास्थल की जांच की है।
रविकांत पुत्र भोला प्रसाद निवासी बेला सरैया सोमवार की सुबह करीब 11 बजे गोसाईगंज की पंजाब नेशनल बैंक से एक लाख रुपए निकालकर बाइक से अपने घर जा रहा था। इस दौरान रामगंज सहकारी समिति के निकट बाइक सवार तीन लुटेरों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इस दौरान बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने बाइक से उतरकर उसके कनपटी पर तमंचा लगा दिया जबकि दूसरे युवक ने उसके पास रखा बैग व उसमें रखे एक लाख रुपये छीन लिए, मौके पर तीसरा युवक बाइक स्टार्ट किए हुए था। लूट की इस घटना को मात्र दो से तीन मिनट में अंजाम देने के बाद तीनों लुटेरे दिलासीगंज की तरफ भाग निकले।
वहीं, दिन दहाड़े लुटेरों द्वारा की गई इस दुस्साहसिक वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, पीड़ित द्वारा दी गई सूचना पर सबसे पहले पहुंची थाना गोसाईगंज पुलिस के प्रभारी आशुतोष मिश्र व उनकी टीम ने आसपास के क्षेत्र की नाकाबंदी कर लुटेरों की तलाश शुरू की लेकिन, सफलता हाथ नहीं लगी। वहीं घटना की सूचना पर एसएसपी आशीष तिवारी व सीओ सदर वीरेंद्र विक्रम ने भी मौके पर पहुंच की जांच पड़ताल की, एसएसपी ने थाना पुलिस के साथ एसओजी टीम को लुटेरों को पकड़ने का निर्देश दिया।
बैंक के सामने से ही आरोपी का पीछा कर रहे थे लुटेरे
थाना प्रभारी आशुतोष मिश्र ने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि लुटेरे बैंक के सामने से ही आरोपी की पीछा कर रहे थे, रामगंज के पास सुनसान स्थल देख घटना को अंजाम दिया गया। बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बैंक व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार से लुटेरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।