UP: कांग्रेस अध्यक्ष खरगे बोले- चार चरणों के बाद इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में, मोदी की विदाई तय
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में संयुक्त प्रेसवार्ता को संबोधित किया और दावा किया कि अभी तक हुए चार चरणों के चुनाव में इंडिया गठबंधन काफी आगे है।
विस्तार
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के बारे में जानकारी देते हुए की।
उन्होंने कहा कि अब तक चार चरणों के चुनाव हो चुके हैं। इंडिया गठबंधन काफी आगे है। जनता ने नरेंद्र मोदी की विदाई तय कर दी है। कहा कि ये चुनाव विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ वो लोग हैं जो कुछ अमीरों के लिए धर्म का इस्तेमाल करके लड़ रहे हैं और दूसरी तरफ वो लोग हैं जो कि देश के गरीबों के लिए और युवाओं के लिए लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई आरक्षण और संविधान बचाने की लड़ाई है। ये चुनाव को देश के भविष्य और संविधान को बचाने के लिए है। संविधान बचेगा तो ही आरक्षण भी बचेगा।
उन्होंने कहा कि तानाशाही में लोगों के वोट देने का अधिकार भी सुरक्षित नहीं रहेगा। भाजपा के लोग प्रत्याशियों को डराकर नामांकन दाखिल नहीं करने दे रहे हैं। हैदराबाद में भाजपा प्रत्याशी मुस्लिम महिलाओं का बुर्का हटाकर देख रही है। यहां तक की बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को भी डराया जा रहा है। इन सबके बावजूद इंडिया गठबंधन आगे है। भाजपा काफी पीछे है।
खरगे ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का भी जिक्र किया और कहा कि उन्होंने संविधान को बदलने की बात की थी। भाजपा के कई नेता संविधान बदलने की बात करते रहते हैं लेकिन इन सब लोगों को मोदी कभी नहीं मना करते हैं।
जातीय जनगणना हमारा एजेंडा
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हम सत्ता में आने पर जातीय जनगणना कराएंगे। इससे लोगों की सामाजिक, आर्थिक स्थिति का अंदाजा लगेगा। ये हम देश को कमजोर करने के लिए नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी हमारे घोषणा पत्र के बारे में झूठ फैला रहे हैं। वो बताते हैं कि कांग्रेस लोगों की संपत्ति का सर्वे करवाएगी। उन्होंने पीएम मोदी पर तंज करते हुए कहा कि वो जितना कांग्रेस को गाली देते हैं उतना तो राम का नाम नहीं लेते हैं।
हम सत्ता में आएंगे तो पांच की जगह 10 किलो अनाज देंगे
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कहते हैं कि देश के 80 करोड़ गरीबों को हम मुफ्त अनाज दे रहे हैं। उन्होंने ये नहीं बताया कि खाद्य सुरक्षा कानून तो हम लेकर आए। इंडिया गठबंधन की सरकार आएगी तो हम 10 किलो अनाज देंगे। हमने कर्नाटक में किया है तेलंगाना में किया है।
भाजपा का झूठ जितना परवान चढ़ना था चढ़ चुका है
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का झूठ जितना परवान चढ़ना था चढ़ चुका है। इंडिया गठबंधन की सरकार बनने वाली है। 4 जून को प्रेस की स्वतंत्रता का भी दिन होगा। भाजपा 140 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। उनका रथ फंसा ही नहीं धंस गया है। वो अपने ही नकारात्मक नैरेटिव में फंस गए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन यूपी में 79 सीटें जीत रहा है और क्योटो (काशी) में लड़ाई में है। 4 जून को किसानों की सरकार बनेगी। बेरोजगार युवाओं की सरकार बनेगी।
अखिलेश बोले- अपना वोट बर्बाद न करें बसपा के लोग
बसपा द्वारा इंडिया गठबंधन के खिलाफ प्रत्याशी चुनाव में उतारने पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न करें। इंडिया गठबंधन की मदद करें जिससे लोकतंत्र को मजबूत किया जा सके।
#WATCH लखनऊ: बसपा द्वारा INDIA गठबंधन के खिलाफ प्रत्याशी चुनाव में उतारने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा, "मैं यही अपील करूंगा कि बहुजन समाज के लोग जो बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर में आस्था रखते हैं, जो उनके बनाए हुए संविधान को बचाना चाहते हैं वे अपना वोट खराब न… pic.twitter.com/kIefFzdz0j
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 15, 2024
कांग्रेस अध्यक्ष बोले- भाजपा 200 पार नहीं कर पाएगी
कांग्रेस अध्यक्ष ने सवाल पूछने पर कहा कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए जितनी सीटें चाहिए वो हम लेकर आ रहे हैं। भाजपा 200 सीटें पार नहीं कर पाएगी।
आरक्षण खत्म करने के लिए 400 का नारा दे रही भाजपा
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि भाजपा 400 सीटें जीतने का नारा इसलिए दे रही है जिससे कि आरक्षण को खत्म किया जा सके। इंडिया गठबंधन की सरकार आएगी तो हम आरक्षण की सीमा बढ़ाएंगे और जो वर्तमान में है उसे जारी रखेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि बेरोजगारी एक मुद्दा है। भाजपा इस पर जवाब नहीं दे रही है इसलिए युवाओं में निराशा है। अखिलेश यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की इस पर सहमति है कि जो सरकारी पद खाली हैं उन्हें भरा जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.