सपा ने यूपी डीजीपी को तत्काल हटाने की मांग की, अफसरों पर लगाया भाजपा के लिए काम करने का आरोप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सपा नेताओं ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मिलकर कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में दर्जनों मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि डीजीपी ओपी सिंह के इशारे पर एसएसपी अमरेंद्र प्रताप सिंह भाजपा के पक्ष में मतदान कराने के लिए सक्रिय दिखे। सपा नेताओं ने डीजीपी को तत्काल हटाने की मांग की।
सपा के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, बदायूं के सांसद धर्मेंद्र यादव और एमएलसी अरविंद कुमार सिंह ने सोमवार दोपहर डेढ़ बजे सीईओ से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। कहा कि कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में हजारों मतदाता घंटों कतार में खड़े रहे। यह विडंबना है कि ज्यादातर ईवीएम मुस्लिम बहुल इलाकों में खराब बताई गईं। रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र में 25-30 ईवीएम खराब होने की जानकारी मिली है।
पुलिस अधिकारी भाजपा के एजेंट बने हुए थे। गुसहायगंज व तिर्वा के पुलिस इंस्पेक्टर भाजपा के पक्ष में खुलकर काम कर रहे थे। कन्नौज कोतवाली के प्रभारी भी भाजपा के पक्ष में सक्रिय दिखे। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को भी मतदाताओं को डराने का काम किया।
छिबरामऊ में राज्यमंत्री अर्चना पांडेय के पास ले जाकर बीएलओ की पिटाई की गई। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को ही कानपुर रेंज के आईजी को कार्यकर्ताओं के उत्पीड़न की जानकारी दे दी थी। यह स्थिति पूरे राज्य में है।
साइकिल का बटन दबाने पर वोट भाजपा को
सपा नेताओं ने सीईओ से कहा कि छिबरामऊ विधानसभा सीट के बूथ सं. 482 व 483 सरस्वती विद्या मंदिर पर साइकिल का बटन दबाने पर वीवीपैट की पर्ची में कमल का फूल निकला। इसकी जानकारी मतदाता मुख्तार अहमद, गुड्डन खां व अफरोज बेगम ने दी। लगता है कि साजिशन प्रशासन ने ऐसा कराया।
इन बूथों पर ईवीएम की गड़बड़ी की शिकायत
सपा नेताओं ने ज्ञापन में विधानसभा 202 की बूथ सं. 34, 35, 375, 250, 251, छिबरामऊ में बूथ सं. 58, 161, 107, 116 व 58 में ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित होने की शिकायत की। छिबरामऊ में ही बूथ 396 में वीपीपैट खराब होने, 86, 87, 88 में दोपहर तक मतदान शुरू नहीं होने और विधूना में बूथ सं. 139, 329, 375 में ईवीएम की गड़बड़ी से मतदान बाधित होने के आरोप लगाए।
तिर्वा में बूथ सं. 158, 325, 218, 449, 460, 307, 342 में ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित हुआ। कन्नौज सदर में बूथ सं. 162, रसूलाबाद में बूथ 175 में भी ईवीएम खराब रही। छिबरामऊ में बूथ सं. 189 में तीन बार ईवीएम बदलने के बाद भी मतदान बाधित रहा।
रसूलाबाद में बूथ सं. 110, 111 नीभू कस्बा के बूथ सं. 99 और 101 में मतदाता घंटों इंतजार करते रहे। कई अन्य बूथों पर ईवीएम खराब होने की शिकायत की गई। सपा नेताओं ने लखीमपुर लोकसभा सीट पर गोला विधानसभा क्षेत्र में बूथ सं. 237 पर भी ईवीएम के काम न करने की जानकारी दी।