यूपी में तेंदुए का आतंक, मासूम को किया लहूलुहान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कतर्नियाघाट रेंज के आनंद नगर बड़खड़िया गांव निवासी एक बच्चे पर मंगलवार शाम तेंदुए ने हमलाकर लहूलुहान कर दिया। हमला तब हुआ जब वह अपनी मां के साथ जंगल के पास लकड़ियां बीन रहा था। मासूम की चीख-पुकार सुनकर मां ने शोर मचाया तो आसपास के लोग दौड़ पड़े।
इस पर तेंदुआ बच्चे को छोड़कर जंगल में चला गया। मासूम को सुजौली पीएचसी में भर्ती कराया गया है। मौके पर वनकर्मियों ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। कतर्नियाघाट रेंज के आनंद नगर बड़खड़िया गांव निवासी मंगल प्रसाद की पत्नी लालमुनी देवी अपने छह वर्षीय बेटे छोटू के साथ मंगलवार शाम सूखी लकड़ियां बीनने के लिए गांव के पास स्थित जंगल गई थी।
साथ में कुछ और महिलाएं व बच्चे थे। मां के साथ छोटू भी लकड़ियां बीन रहा था। इसी दौरान जंगल में घनी झाड़ियों के बीच सरसराहट हुई।
मां के सामने ही बेटे पर टूटा तेंदुआ
जब तक लालमुनी कुछ समझ पाती तब तक तेंदुए ने छोटू पर हमला कर दिया। छोटू की चीख सुनकर मां ने भी शोर मचाया। इस पर अन्य लोग दौड़े। हांका लगाने पर तेंदुआ किसी तरह छोटू को छोड़कर जंगल में चला गया।
बालक को सुजौली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। हमले की सूचना पाकर बड़खड़िया बीट के वन रक्षक अब्दुल सलाम और निशानगाड़ा के रेंजर गयादीन भी मौके पर पहुंचे। दोनों वनकर्मियों ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है।
रेंजर गयादीन ने बताया कि डीएफओ को सूचना दी गई है। प्रार्थना पत्र लेकर मुआवजा प्रदान किया जाएगा। फिलहाल, इलाज के लिए अहेतुक राशि पांच सौ रुपये दिए गए हैं।
अभी कुछ दिनों पहले ही आसपास के गांवों में तेंदुए ने कई लोगों को घायल किया था। इससे पहले एक लकड़बग्घा घर में सोई बच्ची को उठा ले गया और उसे मारकर जंगल में छोड़ दिया था।