जानिए,यूपी में किन इलाकों में मिलेगी ज्यादा बिजली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिन क्षेत्रों में लाइन हानियां कम हुईं और राजस्व वसूली में सुधार हुआ है वहां सितंबर से ज्यादा बिजली आपूर्ति की जाएगी। पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने फैसला किया है कि जिन क्षेत्रों से औसतन 3.80 रुपये प्रति यूनिट की दर से राजस्व वसूली हुई होगी, वहां शहरी इलाकों में 18 से 22 घंटे और ग्रामीण इलाकों को 16 घंटे बिजली आपूर्ति की जाएगी।
प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने अधिशासी अभियंताओं की इसके लिए जिम्मेदारी तय की है। साथ ही चेताया है कि अगर किसी क्षेत्र से शिड्यूल से कम बिजली मिलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष ने सोमवार को योजना भवन में पांच घंटे से ज्यादा समय तक चली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में दक्षिणांचल, पश्चिमांचल, मध्यांचल, पूर्वांचल एवं केस्को के अधिकारियों के साथ बिजली आपूर्ति तथा अन्य कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि सितंबर से प्रदेश में बिजली की उपलब्धता बढ़कर 14000 मेगावाट के आसपास पहुंच जाएगी। लिहाजा उन इलाकों को ज्यादा से ज्यादा बिजली दी जाएगी, जहां लाइन हानियां कम हुई और राजस्व वसूली बेहतर हुई है।
उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जाएंगी बेहतर सेवा
अग्रवाल ने सांसद और विधायक निधि से कराए जाने वाले कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि 15 नवंबर तक सारे प्रस्तावित कार्य पूरे करा लिए जाएं। वहीं आगे से यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि पैसा मिलने के 30 दिन के अंदर काम पूरा हो जाए।
जनप्रतिनिधियों की ओर से लगातार यह शिकायतें मिल रही है कि सांसद और विधायक निधि से कराए जाने वाले कामों में काफी विलंब हो रहा है। प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने भी ऐसे कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा कराने के निर्देश देते हुए लापरवाह अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
संजय अग्रवाल ने कहा कि वह खुद हर वितरण निगम में बैठक करके अभियान की समीक्षा करेंगे। 28 अगस्त को मेरठ, 30 को आगरा में, 2 सितंबर को लखनऊ तथा 4 सितंबर को वाराणसी में अभियान की समीक्षा की जाएगी।
समीक्षा बैठकों में उनके साथ प्रबंध निदेशक ए.पी. मिश्र, निदेशक वित्त एसके अग्रवाल तथा निदेशक वाणिज्य संजय सिंह भी रहेंगे। अग्रवाल ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी कि जो लोग राजस्व वसूली बढ़ाने, लाइन हानियां कम करने और उपभोक्ता सेवाओं में बेहतर परिणाम नहीं देंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।