'यूपी में भाजपा काफी मजबूत, 2017 में सत्ता में आएगी'
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के विधानसभा चुनाव में भाजपा की करारी हार पर केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र का कहना है कि यूपी में भाजपा काफी मजबूत स्थिति में है और 2017 के चुनाव में पार्टी सरकार बनाने में कामयाब रहेगी।
बुधवार को रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज परिसर में ई-रिक्शा व साइकिल रिक्शा कार्यक्रम में आए केंद्रीय सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्री कलराज ने कहा कि यूपी में बिहार की तरह गठबंधन होना संभव नहीं है, यहां मायावती व मुलायम सिंह यादव एक साथ नहीं आ सकते।
उन्होंने कहा कि बिहार में लालू-नीतीश के एक साथ आ जाने के कारण हम चुनाव हार गए, लेकिन 2014 के लोकसभा चुनाव के मुकाबले भाजपा का वोट प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने बिहार के जातीय समीकरणों को भी भाजपा की हार का एक कारण बताया।
कलराज ने यूपी चुनाव के लिए कानून-व्यवस्था को बड़ा मुद्दा बताया। उनका कहना है कि यूपी की जनता खराब कानून-व्यवस्था से त्रस्त है अत: भाजपा चुनाव में यह मुद्दा जरूर उठाएगी।
यूपी की जनता कर रही है भाजपा सरकार का इंतजार
कलराज मिश्र के अनुसार, कानून-व्यवस्था की बदतर हालत के कारण जनता भाजपा को सत्ता में लाना चाहती है। साथ ही उन्होंने यूपी में किसी के साथ गठबंधन करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा बिहार में महागठबंधन से अलग रहकर चुनाव लड़ सकती है तो यूपी में क्यों नहीं, भाजपा अपने दम पर यूपी में सरकार बनाएगी।
वहीं, असहिष्णुता के शोर पर उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से ही एक सहिष्णु राष्ट्र रहा है, यहां सभी धर्मों के लोग एक साथ रहते हैं। भारत कभी भी असहिष्णु हो ही नहीं सकता। असहिष्णुता के आरोपों को उन्होंने राजनीति से प्रेरित बताया।
डीएम की गैरमौजूदगी पर भड़के कलराज
कलराज मिश्र ने राजधानी के डीएम समेत अन्य प्रशासनिक अफसरों पर कड़ी नाराजगी जताई है। रामाधीन सिंह इंटर कॉलेज परिसर में 101 ई-रिक्शा व 251 साइकिल रिक्शा वितरण कार्यक्रम में डीएम के न पहुंचने से नाराज केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अफसरों के इस रवैये के परिणाम गंभीर हो सकते हैं।
कौशल विकास व रिक्शा वाहक समृद्धि अभियान के तहत गरीबों को साइकिल रिक्शा व ई-रिक्शा वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि गरीबों के हित से जुड़े कार्यक्रमों में अफसरों की सहभागिता होनी चाहिए। ऐसा न होने से साफ है कि अफसर इन कार्यक्रमों को महत्व नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने प्रशासनिक अफसरों को चेतावनी दी कि वे इस तरह का रवैया छोड़ दें अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनकी शिकायत करने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे पत्र लिखेंगे।
एनडीए सरकार व मोदी की प्राथमिकता में हैं ये कार्यक्रम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्राथमिकता में हैं। राज्य सरकार को भी इसमें हिस्सा लेना चाहिए। पूर्व सांसद लालजी टंडन ने कहा कि केंद्र सरकार गरीबी खत्म करना चाहती है लेकिन इसमें सबकी सहभागिता जरूरी है।
भारतीय माइक्रो क्रेडिट (बीएमसी) की ओर से सिडबी व अमेरिकन इंडिया फाउंडेशन (एआईएफ) के अनुदान व तकनीकी सहयोग तथा प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (मुद्रा बैंक) के वित्तीय सहयोग से रिक्शा व ई-रिक्शा का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सिडबी के प्रधान महाप्रबंधक आईएएस डॉ. छत्रपति शिवाजी भी मौजूद थे।
52 किस्तें देकर बन जाते हैं रिक्शा के मालिक
बीएमसी के प्रबंध निदेशक विजय पांडेय ने बताया कि संस्था ऐसे चालकों का चुनाव करती है जो किराए पर रिक्शा लेकर चलाते हैं। किराए के बराबर की 52 साप्ताहिक किस्तों का भुगतान करने के बाद वे रिक्शा के मालिक बन जाते हैं।
ई-पेमेंट एप भी लॉन्च
इस अवसर पर ई-पेमेंट एप भी लॉन्च किया गया। इसके जरिये रिक्शे का किराया सीधे चालक के खाते में पहुंच जाएगा।