शिक्षक भर्ती: वेटिंग वालों का इंतजार खत्म
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती के दूसरे चरण में नियुक्ति पत्र बृहस्पतिवार से बांटे जाएंगे। इनका वितरण 5 फरवरी तक चलेगा। नियुक्ति पत्र पाने वाले पात्रों को जॉइनिंग के लिए एक सप्ताह का समय दिया जाएगा।
सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में यह निर्णय किया गया। पहले चरण में करीब 32,000 को नियुक्ति पत्र दिया जा चुका है। अभी 40,825 को और नियुक्ति पत्र दिया जाएगा।
सचिव बेसिक शिक्षा ने राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह व बेसिक शिक्षा निदेशक डीबी शर्मा को निर्देश दिया कि कि पहले चरण की नियुक्ति पत्र बांटने की प्रक्रिया जहां अभी पूरी नहीं हो पाई है वहां जल्द इसे पूरी कराई जाए।
11 में से छह पात्रों ने लिए नियुक्ति पत्र
गौरतलब है कि प्राइमरी स्कूलों में 72,825 प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में पहले चरण में पात्रों को नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया अभी जारी है। वेटिंग वालों को नियुक्ति पत्र देने पर अंतिम निर्णय लेने के लिए बुधवार को सचिव बेसिक शिक्षा एचएल गुप्ता ने बैठक बुलाई थी।
प्रदेश के कई जिलों में अभी भी पहले चरण वालों को पूरी तरह से नियुक्ति पत्र नहीं बंट सका है। मेरठ में काफी झंझावातों के बाद नियुक्ति पत्र बांटने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहां 11 में छह पात्रों ने नियुक्ति पत्र लिए हैं।
सचिव बेसिक शिक्षा ने प्रशिक्षु शिक्षक भर्ती में पात्रों को पहले चरण में 19 से 27 जनवरी तक नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम रखा। इसके बाद दूसरे चरण में बचे पदों पर वेटिंग वालों को 29 जनवरी से नियुक्ति पत्र देने का कार्यक्रम रखा गया है।
इन जिलों में अभी पूरी नहीं हो पाई है प्रक्रिया
यह ध्यान देने योग्य है कि पहले चरण में कई जिलों में नियुक्ति पत्र बांटने में देरी हो गई। सीतापुर, लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में तो चार दिनों बाद नियुक्ति पत्र बांटने की प्रक्रिया शुरू की गई। स्थिति यह है कि प्रदेश के अधिकतर जिलों में अभी तक सभी पात्रों को नियुक्ति पत्र बांटने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है।
सचिव बेसिक शिक्षा ने बुधवार को बैठक बुलाई थी। इसमें राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह, बेसिक शिक्षा निदेशक दिनेश बाबू शर्मा को विशेष रूप से बुलाया था।
एससीईआरटी के निदेशक से अब तक बांटे गए नियुक्ति पत्रों की संख्या भी मांगी गई है। इसमें दूसरे चरण में रिक्त पदों पर वेटिंग वालों को नियुक्ति पत्र बांटने के संबंध में निर्णय होगा।
दिये थे जांच के आदेश
वहीं, नियुक्ति पत्र देने में अंबेडकर नगर में गड़बड़ी भी हुई थी जिस पर एससीईआरटी ने जांच का आदेश था। एससीईआरटी के निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने इस संबंध में डायट प्राचार्य के साथ बेसिक शिक्षा अधिकारी से वस्तु स्थिति की जानकारी ली थी।
उन्होंने कहा था कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि गड़बड़ी हुई है तो दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
अंबेडकर नगर में तीन चरणों की काउंसलिंग में आरक्षित वर्ग के 41 अभ्यर्थियों को सामान्य वर्ग के पदों पर कर दिया गया था, लेकिन चौथे चरण की काउंसलिंग में जब इससे अधिक मेरिट वाले आए तो इन्हें बाहर कर दिया गया।
जबकि नियमत: आरक्षित वर्ग की मेरिट के आधार पर इन्हें शामिल किया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
टीईटी प्रमाण पत्र आज से ऑनलाइन
शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) वर्ष 2011 का प्रमाण पत्र बृहस्पतिवार से ऑनलाइन कर दिया जाएगा। इसे वेबसाइट http://upbasiceduboard.gov.in पर देखा जा सकेगा।
एससीईआरटी निदेशक सर्वेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि कई जिलों से प्रमाण पत्र में गड़बड़ी की शिकायतें आ रही हैं। इसलिए टीईटी प्रमाण पत्र को ऑनलाइन कराया जा रहा है जिससे गड़बड़ी का अंदेशा होने पर इसका मिलान कराया जा सके।