45 दिन से लापता युवक के लिए धरने पर बैठे पूर्व केंद्रीय मंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरगांव से लापता हुए अजय का 45 दिन बाद भी पता नहीं चल सका है। युवक का पता लगाने की मांग को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद शनिवार को एसपी कार्यालय में धरने पर बैठे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री के साथ युवक के परिवारीजन व ग्रामीण भी धरने में शामिल हुए। एसपी ने अब तक हुई कार्रवाई से अवगत कराकर मामले का जल्द खुलासा करने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए।
हरगांव इलाके के शेखापुर मूसेपुर गांव निवासी अजय (25) पुत्र संकटा प्रसाद छह जून को सेमरीभान निवासी अजमत के बुलावे पर ट्रैक्टर निकालने गया था।
उसके बाद से वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। उसका ट्रैक्टर मूसेपुर गांव के पास लावारिस हालत में खड़ा मिला था। जिसके बाद उसकी मां रामदेवी ने थाने में तहरीर देकर अजमत पर बेटे को गायब करने का आरोप लगाया था।
इस मुद्दे को लेकर कई संगठन प्रदर्शन कर चुके हैं लेकिन पुलिस की सुस्ती से अब तक मामले का खुलासा नहीं हो सका है। इसी प्रकरण को लेकर शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने युवक के परिवारीजनों से मुलाकात की। यहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री युवक के परिवारीजन को लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे।
एसपी के न मिलने पर वह परिसर में ही धरने पर बैठ गए। यहां काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। कई थानों की पुलिस एकत्र हो गए। बाद में एसपी मृगेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे।
एसपी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री को पूरे मामले में अब तक की कार्रवाई से अवगत कराया। साथ ही घटना के खुलासे को लेकर आवश्वासन दिया।
होमगार्ड से मारपीट करने के मामले में दर्ज होगा केस
हरगांव से आ रही भीड़ ने नैपालापुर चौराहे पर हंगामा किया। सूत्र बताते हैं कि यहां पर भीड़ में शामिल लोगों ने ड्यूटी कर रहे एक होमगार्ड पर हमला बोल दिया। उसके साथ मारपीट की गई। साथ ही उसे दौड़ा लिया गया।
मामला संज्ञान में आने पर शहर कोतवाल फौरन मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले से एसपी को अवगत कराया। कोतवाल धर्मेंद्र रघुवंशी ने बताया कि भीड़ वाले हमले की सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं।
एसपी मृगेंद्र सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पूर्व केंद्रीय मंत्री के खिलाफ भी जीडी में इंट्री करने को कहा है।
प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने पुलिस पर पिटाई का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस का दावा है कि महिला को रास्ते में टेम्पो से गिरने की वजह से चोट लगी थी। किसी के साथ कोई मारपीट नहीं हुई।
सीएम पर अभद्र टिप्पणी करने वाला भी करता रहा नारेबाजी
शहर के आवास विकास कॉलोनी निवासी अधिवक्ता व हिंदू युवा वाहिनी के नगर प्रभारी अभिनव मिश्र ने मंगलवार को शहर कोतवाली में कांग्रेसी नेता श्रीश शुक्ला के खिलाफ मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के पर सोशल साइट पर अभद्र टिप्पणी करने का केस दर्ज कराया था। वह नेता भी शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के साथ एसपी कार्यालय में धरने में शामिल था। फिर भी पुलिस मूक दर्शक बनी रही।