फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   in police encounter one injured, one another caught

पुलिस मुठभेड़ में बदमाश को लगी गोली, दूसरा बदमाश भी दबोचा

Mon, 21 Mar 2022 01:33 AM IST
Lucknow Bureau लखनऊ ब्यूरो
Updated Mon, 21 Mar 2022 01:33 AM IST
विज्ञापन
in police encounter one injured, one another caught
लखनऊ। पॉलीटेक्निक चौराहे के पास शनिवार देर रात वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो बदमाश पुलिस टीम के रोकने पर फायरिंग कर भागने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। जबकि दूसरे को दौड़ाकर दबोच लिया गया। पूछताछ में पता चला है कि इनमें से एक बदमाश ने बृहस्पतिवार को अपने साले के साथ गाजीपुर थाना क्षेत्र में ही किराना व्यापारी से असलहे के बल पर 25 हजार रुपये लूटे थे।
विज्ञापन

एडीसीपी (उत्तरी) प्राची सिंह ने बताया कि पॉलीटेक्निक चौराहे के पास शनिवार देर रात 2:45 बजे पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी उधर से गुजरे बाइक सवार दो युवक गाड़ी मोड़कर भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने गाजीपुर इंस्पेक्टर रामेश्वर कुमार पर पिस्टल से फायर कर दिया। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक छोड़कर पैदल भागे और दोबारा फायरिंग की कोशिश की तो इंस्पेक्टर ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग कर दी। इससे एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसके साथी को भी दौड़ाकर दबोच लिया।
विज्ञापन

एडीसीपी ने बताया कि जिस बदमाश के पैर में गोली लगी है उसका नाम नदीम उर्फ फिरोज उर्फ कामरान उर्फ जीतू उर्फ अली खान उर्फ रफीक (52) है। जबकि दूसरा बदमाश मोहम्मद आसिफ उर्फ भाईजान (56) है। दोनों सगे भाई हैं और गोंडा के शहर कोतवाली क्षेत्र के कटहरिया मोहल्ले के रहने वाले हैं। यहां मड़ियांव थाना क्षेत्र के मड़ियांव गांव में रह रहे हैं। घायल बदमाश को महानगर के भाऊराव देवरस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

एसीपी गाजीपुर सुनील शर्मा ने बताया कि दोनों बदमाशों के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, चार कारतूस, सोने की चेन, 34,650 कैश व बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में पता चला कि नदीम ने अपने साले राजन खान निवासी वार्ड नंबर 11, आनंदनगर, थाना फरेंदा, जिला महाराजगंज के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को गाजीपुर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर में किराना व्यापारी अमित जैन से तमंचे के बल पर 25 हजार रुपये लूटे थे। ये वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसके फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही थी। आरोपी राजन खान की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है। गाजीपुर इंस्पेक्टर रामेश्वर कुमार ने बताया कि गोंडा पुलिस से नदीम व आसिफ के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम को 20 हजार का इनाम
गाजीपुर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दो बदमाशों को दबोचने वाली पुलिस टीम को पुलिस कमिश्नर ध्रुवकांत ठाकुर ने 20 हजार रुपये पुरस्कार दिया है। एडीसीपी (उत्तरी) प्राची सिंह के निर्देशन व एसीपी गाजीपुर सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को ये कामयाबी मिली है। इस टीम में गाजीपुर इंस्पेक्टर रामेश्वर कुमार, क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर तेज बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक कमलेश राय, दिलीप मिश्र, पंकज सिंह, गुड्डू प्रसाद, उत्कर्ष त्रिपाठी व धर्मराज सिंह, हेड कांस्टेबल दुर्गेश वाजपेयी, आरक्षी दलवीर सिंह व रजनीश कुमार शामिल हैं।

व्यापारियों ने जताया आभार
गाजीपुर थाना क्षेत्र के आम्रपाली मार्केट के किराना व्यापारी अमित जैन से हुई लूट की वारदात के खुलासे व दो बदमाशों की गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल ने खुशी जताई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता के नेतृत्व में रविवार को पदाधिकारियों ने एडीसीपी (उत्तरी) प्राची सिंह से मुलाकात कर धन्यवाद दिया। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने बताया कि वारदात का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन कर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर अनिरुद्ध निगम, श्याम सुंदर अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, आशीष जैन व श्रवण जैन मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed