यूपी की महिलाओं को अब घर बैठे मिलेगा इलाज
महिलाओं को निरोगी बनाने और स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति जागरूक करने के लिए महिला आरोग्य समिति का गठन किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की इस नई योजना का मकसद घर-घर इलाज पहुंचाना है। समिति के सदस्य सर्वे कर किसी बीमारी से पीड़ित महिलाओं का ब्यौरा जुटाएंगे और इलाज संबंधी जानकारी देंगे।
स्वास्थ्य विभाग घर में बीमारी से पीड़ित महिलाओं को इलाज के लिए महिला आरोग्य समिति बनाने की तैयारी कर रहा है।
नेशनल हेल्थ मिशन के बजट से इस नई सुविधा के तहत दस हजार की आबादी पर एक एएनएम तैनात होगी। हर मोहल्ले के सौ घर में एक महिला सदस्य होगी।
जल्द ही लागू होगी व्यवस्था
सबकी निगरानी के लिए क्षेत्र के सबसे नजदीकी अस्पताल के किसी विशेषज्ञ को प्रभारी बनाया जाएगा। आरोग्य समिति के गठन के लिए करीब 228 एएनएम का चुनाव हो गया है।
और जल्द ही इनको ट्रेनिंग देने के बाद इस मुहिम से जोड़ दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. एसएनएस यादव का कहना है कि महिला आरोग्य समिति के गठन की तैयारी चल रही है।
और जल्द ही इस व्यवस्था को लागू किया जाएगा। समिति का काम उन लोगों को इलाज मुहैया कराना होगा जो किसी कारण से अस्पताल नहीं जा पाते हैं। टीकाकरण, परिवार नियोजन संबंधी जानकारी से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।