UP News: कश्मीर तक असलहों की खेप सप्लाई करता था हकीम, पीओके में रहने वाले संदिग्धों से बातचीत के मिले साक्ष्य
मलिहाबाद में पकड़ी गई असलहा फैक्टरी मामले की जांच में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। आरोपी हकीम कश्मीर तक असलहों की खेप सप्लाई करता था। कॉल डिटेल रिकॉर्ड में पीओके में रहने वाले संदिग्धों से बातचीत के साक्ष्य मिले हैं। मामले में एटीएस ने भी छानबीन शुरू की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद में अवैध असलहों की फैक्टरी पकड़े जाने के मामले में नया मोड़ आ गया है। छानबीन में सामने आया है कि आरोपी हकीम सलाऊद्दीन उर्फ लाला कश्मीर तक तक असलहों की तस्करी करता था। सलाऊद्दीन के कॉल डिटेल रिकॉर्ड में पीओके के कुछ संदिग्धों से बातचीत के साक्ष्य भी मिले हैं। इस मामले में एटीएस ने भी छानबीन शुरू की है।
एडीसीपी जितेंद्र दुबे के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह घर पर अवैध असलहे बनाता था। घर के बगल में बने सिनेमा हॉल के कंपाउंड में असलहे छिपाकर रखे थे। उसके पास से तीन पिस्टल, एक तमंचा, दो देशी तमंचा, एक रायफल, सात एयर गन, 118 कारतूस, 41 खोखा, छह बांका, दो छूरी, नौ फरसा और गड़ासे, अवैध शस्त्र तैयार करने के उपकरण और हिरन की खाल मिली है।
पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम और हिरन की खाल मिलने पर वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। मलिहाबाद थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर अवैध असलहे बनाए जा रहे थे, लेकिन पुलिस को इसकी भनक नहीं लगी। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस अब आरोपी के करीबियों के बारे में पता लगा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में आरोपी के घर से ड्रिल मशीनों की आवाज आती रहती थी, लेकिन उन्हें नहीं पता था कि असलहे बनाए जा रहे हैं। सलाऊद्दीन जिस दुकान पर बैठकर लोगों को दवा देता था उसके बाहर लिखा है कि जुम्मा छोड़ पूरे हफ्ते दिन में तीन घंटे परामर्श और दवा ले सकते हैं।
आतंकी कनेक्शन की भी जांच
पुलिस के साथ साथ खुफिया एजेंसियां भी मामले की तफ्तीश में जुट गई हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस को एक लैपटाप भी मिला है, जिसे खंगाला जा रहा है। माना जा रहा है कि लैपटाप में असलहा तस्करों का ब्योरा मिल जाएगा। पुलिस आरोपी के आतंकी कनेक्शन की भी जांच कर रही है। लैपटाप और मोबाइल फोन की जांच के बाद पूरा मामला स्पष्ट होगा। पुलिस ने आरोपी को जब गिरफ्तार किया तो वह परिवार के साथ घर पर मौजूद था। आरोपी की पत्नी शिक्षिका है।घर से ही असलहा खरीदकर ले जाते थे तस्कर
स्थानीय लोगों ने बताया कि आरोपी के घर अक्सर कुछ संदिग्ध दिखाई देते थे। कई बार तो चार-चार लोग उसके घर पर ठहरते थे, जो दिखने में भी अजीब से थे। आए दिन नए नए चेहरे देखने को मिलते थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी घर से असलहों की खरीद फरोख्त करता था। तस्कर उसके घर आकर असलहे खरीदते थे।आरोपी ने घर में ही किराए के कमरे बना रखे थे, जिसमें संदिग्ध ठहरते थे। वह मलिहाबाद तिहरे हत्याकांड के आरोपी लल्लन खां का रिश्तेदार है। शिकार का भी शौकिन है। यही नहीं वह शहद का भी कारोबार करता था।