बिहार की तरह यूपी में भी महागठबंधन संभव: शिवपाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि बिहार की तर्ज पर 2017 में यूपी चुनाव में भी महागठबंधन संभव है। कहा कि दो साल बाद सूबे में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की हालत बिहार से भी खराब होगी।
शिवपाल गुरुवार की शाम खिड़किया घाट पर गोवर्धन पूजा समारोह में शिरकत करने के बाद पत्रकारों से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए सपा 2017 में महागठबंधन बना सकती है।
सपा सुप्रीमो के अनुज शिवपाल ने कहा कि यूपी में सपा का सीधा मुकाबला भगवा ब्रिगेड से होगा। भाजपा के साथ ही शिवपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी हमला बोला और कहा कि बिहार की जनता ने झूठे वादे करने का सबक भाजपा को सिखाया है।
बिहार से कहीं ज्यादा दयनीय स्थिति भाजपा की यूपी में 2017 में होने वाली है। कहा कि प्रदेश में बसपा से नहीं बल्कि भाजपा से सपा की सीधी लड़ाई है।
मोदी के वाराणसी में भी सपा ने ही कराया विकास
यूपी में महागठबंधन बनाने का फैसला जल्द ही पार्टी प्रमुख मुलायम सिंह यादव लेंगे। मोदी पर हमलावर रहे सपा के कबीना मंत्री ने कहा कि मोदी को प्रधानमंत्री बने 18 महीने से ज्यादा हो गए मगर उनके संसदीय क्षेत्र में जो कुछ भी विकास का काम हुआ है प्रदेश की अखिलेश सरकार ने कराया है।
पीएम के क्षेत्र में केंद्र की एक योजना भी दिख नहीं रही है। पीएम ने अपने क्षेत्र के लोगों को तमाम सपने दिखाए, धरातल पर एक भी काम नजर नहीं आ रहा है।
जबकि दो साल में सपा ने अकेले बनारस के विकास पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए हैं। केंद्र सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। न तो गंगा ही निर्मल हुई और न ही स्मार्ट सिटी बनी।
कबीना मंत्री आजम खां के इस्तीफे के सवाल पर शिवपाल ने कहा कि यह सब निराधार खबरें हैं। आजम सपा के बड़े नेता हैं और पार्टी प्रमुख से उनके नजदीकी रिश्ते हैं। आजम खां सपा से कभी अलग नहीं होंगे। रहा सवाल उनकी नाराजगी का तो उन्हें मना लिया जाएगा। यह पार्टी का अंदरूनी मामला है।