अखिलेश से बोले राज्यपाल मथुरा व कैराना मामले की रिपोर्ट जल्द दें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यपाल राम नाईक ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मथुरा के जवाहरबाग, कैराना, दादरी व राजधानी में हुई घटनाओं पर जल्द से जल्द लिखित रिपोर्ट भेजने को कहा है। राज्यपाल ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह को भी हाल ही में प्रदेश में हुई घटनाओं की जानकारी देते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर बातचीत की।
मुख्यमंत्री मंगलवार को बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन के साथ राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचे। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को 25 जून को अपने सरकारी आवास 5, कालिदास मार्ग पर आयोजित रोजा इफ्तार का निमंत्रण दिया।
हालांकि राजभवन के सूत्रों ने इसे शिष्टाचार भेंट बताया लेकिन बताया जा रहा है कि इस दौरान राज्यपाल ने मुख्यमंत्री से कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर संक्षिप्त बातचीत भी की।
राज्यपाल ने याद दिलाया नहीं मिली रिपोर्ट
सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को याद दिलाया कि उन्होंने पिछली मुलाकात के दौरान मथुरा, कैराना, दादरी के बिसाहड़ा तथा लखनऊ में दिनदहाड़े लूटपाट और डकैती की घटनाओं पर लिखित रिपोर्ट मांगी थी। यह रिपोर्ट अभी तक उन्हें मिली नहीं है। जल्द से उन्हें लिखित रिपोर्ट भेजी जाए। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द रिपोर्ट भेज दी जाएगी।
उधर, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लखनऊ आए गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट करने राजभवन पहुंचे। राज्यपाल ने उनके साथ भी सूबे की कानून-व्यवस्था पर विचार-विमर्श किया।
राज्यपाल ने राजनाथ को मथुरा के जवाहरबाग और कैराना में पलायन की घटनाओं की जानकारी दी। नाईक ने गृहमंत्री को बताया कि उन्होंने राज्य सरकार से मथुरा, कैराना, दादरी व लखनऊ में हुई घटनाओं पर रिपोर्ट मांगी है जो अभी तक उन्हें मिली नहीं है।