लखनऊ में मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतरा, हड़कंप, आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोयले से लदी मालगाड़ी उतरेठिया स्टेशन के पास शुक्रवार को पटरी से उतर गई। इस कारण इस रूट से गुजरने वाली करीब आधा दर्जन से अधिक ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया। वहीं, सुल्तानपुर और रायबरेली रूट भी पूरी तरह से बंद हो गया।
कोयला लेकर रोजा जा रही मालगाड़ी शाम करीब 5 बजे उतरेठिया स्टेशन से गुजर रही थी। इसी दौरान इसका 24वां वैगन पटरी से उतर गया। इसके साथ ही लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए जिससे बड़ा हादसा टल गया।
चारबाग रेलवे प्रशासन को डिरेलमेंट की सूचना मिली तो कंट्रोल रूम को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर अधिकारी आननफान मौके की ओर दौड़े। घटना से रायबरेली और सुल्तानपुर के रूट पर ट्रेनों का संचालन बाधित हो गया। लखनऊ से आने-जाने वाली सभी ट्रेनों को रास्ते में रोक दिया गया। नीलांचल एक्सप्रेस के पहिये भी थम गए। उधर, मालगाड़ी के वैगन को पटरी पर लाने का काम देर रात तक चलता रहा।
हालांकि रात आठ बजे तक रायबरेली रूट पर ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। प्रयाग पैसेंजर, वरुणा, नीलांचल, श्रमजीवी सहित मेमू व पैसेंजरों ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
देर से पहुंची एक्सिडेंट रिलीफ ट्रेन
उत्तर रेलवे सूत्रों के मुताबिक शाम 5 बजे मालगाड़ी पटरी से उतरी थी। सूचना के बाद भी जिस एक्सिडेंट रिलीफ ट्रेन को तत्काल मौके पर पहुंचना था वह रात 8 बजे उतरेठिया पहुंच सकी। इससे वैगन को पटरी पर लाने में ज्यादा वक्त लगा।
बदले रूट से चलाई गई ट्रेनें
घटना के चलते श्रमजीवी एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग सुल्तानपुर, निहालगढ़, लखनऊ के स्थान पर सुल्तानपुर, फैजाबाद, लखनऊ, आलमनगर के रास्ते रवाना हुई। 19314 राजेंद्रनगर-इन्दौर एक्सप्रेस मार्ग सुल्तानपुर, निहालगढ़, लखनऊ के स्थान पर सुल्तानपुर, फैजाबाद, लखनऊ, कानपुर के रास्ते चली। 24228 वरुणा एक्सप्रेस को निर्धारित मार्ग लखनऊ, निहालगढ़, सुल्तानपुर के स्थान पर लखनऊ, फैजाबाद के रास्ते चलाया गया।
ये ट्रेनें आज रहेंगी निरस्त
गाड़ी संख्या 54283 सुल्तानपुर-लखनऊ पैसेंजर शुक्रवार को निरस्त रही। वहीं 54282 लखनऊ-सुल्तानपुर पैसेंजर शनिवार को निरस्त रहेगी।