यूपी: विधान परिषद की 11 सीटों पर 55 प्रतिशत मतदान, गोरखपुर- फैजाबाद मंडल टॉप पर; लखनऊ फिसड्डी
UP Legislative Council Elections: विधान परिषद की इन 11 सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। खंड स्नातक सीटों के मुकाबले खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर मतदान प्रतिशत ज्यादा रहा।
विस्तार
यूपी में विधान परिषद की स्नातक व शिक्षक खंड की 11 सीटों के लिए शुक्रवार को 55.24 प्रतिशत वोट पड़े। लोकतंत्र की इस परीक्षा में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक सीट के मतदाता सबसे आगे रहे। इस सीट पर 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ। 38.02 प्रतिशत ही वोटिंग के साथ लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सबसे कम मत पड़े। मतगणना 27 अक्तूबर को होगी।
विधान परिषद की इन सीटों पर सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान हुआ। खंड स्नातक सीटों के मुकाबले खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटों पर मतदान प्रतिशत ज्यादा रहा। चुनाव में 152 प्रत्याशी मैदान में उतरे और कुल 14.81 लाख मतदाताओं को वोटिंग करनी थी। शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेश भर में 18 प्रेक्षक और 1041 सेक्टर मजिस्ट्रेट लगाए गए थे। सभी जिलों में कंट्रोल रूम के जरिये मतदान की निगरानी की गई। पोलिंग बूथों पर वोटिंग की वीडियोग्राफी भी चुनाव आयोग की ओर से कराई गई।
खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटें पर मतदान
- गोरखपुर-फैजाबाद-79.01
- बरेली मुरादाबाद खंड शिक्षक- 73.69 प्रतिशत,
- मेरठ खंड शिक्षक- 60.80 प्रतिशत,
- आगरा खंड शिक्षक - 63.84 प्रतिशत,
- वाराणसी खंड शिक्षक-68.21 प्रतिशत
- लखनऊ खंड शिक्षक- 50.92 प्रतिशत
खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की पांच सीटों पर मतदान
- इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक- 41.40 प्रतिशत
- मेरठ खंड स्नातक -39.81 प्रतिशत
- आगरा खंड स्नातक-51 प्रतिशत,
- वाराणसी खंड स्नातक-41.01 प्रतिशत
- लखनऊ खंड स्नातक- 38.02 प्रतिशत
सपा ने विधान परिषद चुनाव में लगाया धांधली का आरोप
सपा ने आरोप लगाया कि विधान परिषद चुनाव में भाजपाई रंग की पर्ची वालों को ही कई जगह मतदान करने दिया गया। बिना आईडी चेक किए भाजपाई वोटरों को वोट डालने दिया गया। भाजपा सरकार के मंत्रियों, विधायकों और नेताओं ने मतदान को प्रभावित करने की पूरी कोशिश की। चुनाव आयोग भाजपा का पॉलिटिकल वर्कर बनकर लोकतंत्र की हत्या करने में शामिल रहा है।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधान परिषद के आगरा-अलीगढ़ स्नातक खंड क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को सैफई में मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इस चुनाव में हार के डर से भाजपा बौखलाई हुई है। भाजपा के लोगों ने फर्जी मतदान और बेईमानी की कोशिश की।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि विधान परिषद चुनाव में वोट डालने जा रहे समाजवादी पार्टी के लोगों को रोकने के लिए भाजपा ने अपने भ्रष्ट अधिकारियों को आगे कर दिया। विधानसभा चुनाव में भी भाजपा इस तरह बेईमानी करने की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश से सूचनाए मिली हैं कि भाजपा ने जगह-जगह फर्जी वोटिंग की कोशिश की। प्रशासन के लोग मूकदर्शक बने रहे। ऐसा लगता है कि चुनाव आयोग के लोग नींद की गोली खाकर सो गए।
अखिलेश यादव ने तंज कसा कि कि भाजपा को वोट चोरी के लिए एक विश्वविद्यालय खोल देना चाहिए, उसमें अपने कार्यकर्ताओं के लिए कम से कम तीन साल का कोर्स चलाना चाहिए। वोट चोरी और धांधली करके भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अब 40 दिन ही बचे हैं। इस बार समाजवादी पार्टी-इंडिया गठबंधन भाजपा को हराएगा।