आ सकते हैं सिलेंडर बुकिंग कैंसिल होने के मैसेज, घबराएं नहीं, ये है वजह
एक अप्रैल से शुरू हो रहे नए वित्तीय वर्ष में अगर आपके मोबाइल पर सिलेंडर की पुरानी बुकिंग निरस्त होने का एलर्ट एसएमएस आए तो घबराएं नहीं। बुकिंग सॉफ्टवेयर अगले 24 घंटे में खुद ही मार्च की लंबित बुकिंग को अप्रैल में अपडेट कर देगा। साथ ही इसकी जानकारी भी एलर्ट एसएमएस से उपभोक्ता तक पहुंचाएगा।
सिस्टम अपग्रेडेशन के बाद एक अप्रैल से बुकिंग सिलेंडरों का वितरण नए कैशमेमों के आधार पर होगा। इससे बुकिंग सिलेंडरों की होम डिलीवरी में लेटलतीफी की भी आशंका है।
तेल कंपनियों के अधिकारियों ने बताया कि 31 मार्च शाम पांच बजे से वर्ष 2017-18 में आवंटित सब्सिडी कोटे को निरस्त कर अगले वित्तीय वर्ष में आवंटित होने वाले रियायती दर के 12 सिलेंडरों का कोटा फीड किया जाएगा।
इसके चलते ही एक अप्रैल को आईवीआरएस सिस्टम से नई गैस बुकिंग का कार्य बाधित रह सकता है। इंडेन कंपनी की मार्केटिंग इकाई से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शनिवार रात 12 बजे से तेल कंपनियों के सर्वर सॉफ्टवेयर सिस्टम को अपडेट किया जाएगा।
यूपी एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फेडरेशन के अध्यक्ष डीपी सिंह ने बताया कि एक अप्रैल को तेल कंपनियों द्वारा वितरण के लिए बॉटलिंग प्लांट से नई उठान जारी करने का कार्य भी सॉफ्टवेयर सिस्टम अपडेट होने के बाद ही शुरू होगा। इसीलिए एक अप्रैल को बुकिंग सिलिंडरों की होम डिलीवरी का कार्य दोपहर बाद ही होगा।
बुकिंग बैकलॉग से डूबेगा 18 हजार का सब्सिडी कोटा
सॉफ्टवेयर अपडेट करने के चलते सिलेंडरों की होम डिलीवरी प्रभावित रहेगी। इस कारण बुकिंग बैकलॉग से लगभग 18 हजार घरेलू उपभोक्ताओं का सब्सिडी कोटा डूबना तय माना जा रहा है।
शहरी व ग्रामीण इलाकों के इन उपभोक्ताओं को आवंटित सब्सिडी कोटा बचा रह जाने के बावजूद अप्रैल में आवंटित कोटे के सिलेंडर का इंतजार करना पड़ेगा। इसके चलते ही उपभोक्ताओं ने सब्सिडी कोटे का सिलेंडर पाने के लिए शुक्रवार को गैस एजेंसियों पर सेल्फ डिलीवरी ऑप्शन भी चुना।